त्रिकोणीय सीरीज में जीत हासिल करने के बाद भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने मैच के बाद बताया कि जब कार्तिक बल्लेबाज़ी करने गए, तब वो थोड़े से खफा थे। रोहित ने कहा कि जब मैं आउट हुआ और डगआउट में बैठा था तो कार्तिक थोड़ा खफा था कि उसे छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए नहीं भेजा गया लेकिन मैंने उससे कहा कि मैं चाहता हूं कि आप हमारे लिए मैच का अंत करो, क्योंकि आपके कौशल की अंतिम तीन या चार ओवरों में जरूरत पड़ेगी। यही वजह थी कि उसे 13वें ओवर में मेरे आउट होने के बाद छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए नहीं भेजा गया। वह इससे खफा था लेकिन मैच का सुखद अंत करके अब बहुत खुश है।
मैच फिनिश करने कि है काबिलियत
कार्तिक की जमकर तारीफ करते हुए रोहित ने कहा कि उनके पास जिस तरह के शॉट हैं उससे वह डेथ ओवरों में मैच को फिनिश करने के लिए आदर्श खिलाड़ी हैं। उन्होंने कहा कि वह हमेशा उस तरह के शॉट खेल सकता है जो उसने रुबेल हुसैन पर आखिर में खेला था। वह उसके बारे में जानता है। मुझे लगा कि मुस्ताफिजुर रहमान संभवत: 18वां और 20वां ओवर करेगा और उसका सामना करने के लिए अनुभवी बल्लेबाज का होना जरूरी था
हर स्थिति में खेलने को तैयार है कार्तिक
भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि स्थिति कैसी भी हो दिनेश कार्तिक अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। अनुभव और कई शॉट जमाने में महारत के कारण वह डेथ ओवरों में भारत के लिए आदर्श खिलाड़ी बन जाते हैं। रोहित ने खिताब जीतने के बाद कहा कि वह दक्षिण अफ्रीका के पिछले दौरे में हमारे साथ थे और उन्हें वहां खेलने के ज्यादा मौके नहीं मिले। फाइनल में जो उन्होंने किया उससे आगे के लिए उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि उसे खुद पर विश्वास है। स्थिति कैसी भी हो वह तैयार रहता है चाहे वह ऊपरी क्रम में बल्लेबाजी करे या निचले क्रम में। हम इस तरह का खिलाड़ी चाहते हैं।
रोहित ने नहीं देखा आखिरी गेंद पर लगाया गया छक्का
रोहित शर्मा ने मैच खत्म होने के बाद बताया कि वो मैच की आखिरी गेंद पर दिनेश कार्तिक द्वारा लगाया गया विनिंग सिक्स नहीं देख सके। रोहित ने बताया कि वो सुपर ओवर के लिए पैड पहनने चले गए थे, इसलिए वो इस शॉट को नहीं देख पाए।

Post a Comment