पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ लखनऊ -कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राज बब्बर ने मंगलवार शाम को पद से इस्तीफा दे दिया है.सूत्रों के मुताबिक, 2019 लोकसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी की नई टीम के लिए राज बब्बर ने ये कदम उठाया है. हालांकि उनका इस्तीफा अभी स्वीकार नहीं हुआ है और नए अध्यक्ष की नियुक्ति तक इस पद की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे.सूत्रों के मुताबिक, यूपी कांग्रेस का अगला मुखिया संभवतः ब्राह्मण होगा और इस रेस में पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद सबसे आगे चल रहे हैं. युवा जितिन प्रसाद राहुल गांधी के करीबी भी माने जाते हैं. इसके अलावा वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी और वाराणसी के पूर्व सांसद राजेश मिश्रा का भी नाम चर्चा में है. कहा जा रहा है कि नए अध्यक्ष के नाम का ऐलान नवरात्रों में ही किया जा सकता है.
दरअसल, राज बब्बर ने लोकसभा चुनाव में अपने लिए नई जिम्मेदारी की बात कहकर इस्तीफे की पेशकश की थी. राज बब्बर स्टार प्रचारक के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर भूमिका चाहते हैं. इसके अलावा यह भी कहा जा रहा है कि 2019 में लोकसभा चुनाव से पहले सपा के साथ गठबंधन तय माना जा रहा है. लिहाजा राज बब्बर की सपा से पुरानी अदावतों की वजह से मुफ़ीद नहीं थे. इसलिए भी उन्होंने इस्तीफा दिया है.
हालांकि इस्तीफे के बाद राज बब्बर ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान उन्हें नई जिम्मेदारी देकर भेजा गया था. उन्होंने अपनी क्षमता अनुरूप उसे निभाया. उन्होंने कहा कि 2019 को देखते हुए उनकी और अन्य लोगों की भूमिका बदलनी चाहिए. किसकी क्या भूमिका होगी यह लीडरशिप को तय करना है.

Post a Comment