राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश से भाजपा कार्यकर्ता बोले- नौकरियां तो दिलवाओ: मिला जवाब-मेरिट पर ले लो रोकता कौन है

पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ -भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय बुधवार शाम को कुरुक्षेत्र पहुंचे। एक राज्य, एक जिले, एक मंडल और एक बूथ पर कार्यक्रम के तहत कैलाश दौरे पर निकले हैं। कुरुक्षेत्र में उन्होंने जहां एक मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग की। वहीं एक बूथ पर कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए। हालांकि कुरुक्षेत्र का दौरा अचानक से तय हुआ। बुधवार शाम को कैलाश ट्रेन से कुरुक्षेत्र पहुंचे। सबसे नजदीक अमीन, अब अभिमन्यूपुर मंडल स्थित है। लिहाजा मंडल कार्यकर्ताओं की बैठक अमीन में ही तय की। अमीन मंडल पहुंचने पर जिलापरिषद के चेयरमैन गुरदयाल सुनहेड़ी ने स्वागत किया। 
राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश से भाजपा कार्यकर्ता बोले- नौकरियां तो दिलवाओ: मिला जवाब-मेरिट पर ले लो रोकता कौन है
कैलाश विजयवर्गीय ने मंडल कार्यकर्ताओं को संगठन का पाठ पढ़ाया। बताया कैसे वे पार्टी की नीतियों को लेकर लोगों के बीच जाएं। कैसे सरकार की उपलब्धियों का प्रचार करें। साथ ही कहा कि वे सरकार और जनता के बीच कड़ी का काम करें। क्योंकि कार्यकर्ता ही किसी पार्टी की मजबूती का आधार होते हैं। भाजपा केंद्र व प्रदेश में बेहतर काम कर रही है। जनकल्याण की कई योजनाएं बनाई हैं। जिनका जमकर प्रचार प्रसार होना चाहिए। इससे पार्टी के साथ साथ उन लोगों को भी फायदा होगा, जिनके लिए योजनाएं बनी हैं। 

हालांकि बंद हाल में मंडल कार्यकर्ताओं के साथ कैलाश ने मीटिंग ली। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अपना भी दुखड़ा रोया। कहा कि उनकी अफसर सुनते ही नहीं हैं। वे लोग आम आदमी के कामकाज के लिए अधिकारियों के पास जाते हैं। जब काम ही नहीं करा पाएंगे तो कौन उनकी बात मानेगा। वहीं नौकरियों का मुद्दा कार्यकर्ताओं ने विजयवर्गीय के सामने भी उठाया। उन्होंने कहा कि अब पार्टी की सरकार है। जिन कार्यकर्ताओं ने पार्टी के लिए मेहनत की, उन्हें नौकरियों में मौका मिलना चाहिए। इस पर कैलाश ने भी हंसी हंसी में कहा कि मेरिट के आधार पर नौकरियां ले लो, रोकता कौन है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मामले में पूरी पारदर्शिता से काम कर रही है। योग्यता ही एक मात्र नौकरी के लिए सिफारिश है। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री वेद पाल,प्रदेश महामंत्री संदीप जोशी,जिला प्रभारी बंतो कटारिया, जिलाध्यक्ष धर्मबीर मिर्जापुर, गुरदयाल सुनहेडी, महामंत्री सुशील राणा, रविंद्र सांगवान, साहिल सुधा,मंडल प्रधान सुरेंद्र इशाकपुर, धुम्मन सिंह किरमिच, धर्मबीर डागर, राहुल राणा, सतबीर राणा आदि समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।