भोपाल पुलिस से नाराज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लगाई फटकार

पूनम पुरोहित  मंथन न्यूज़ भोपाल -राजधानी भोपाल के नए और पुराने शहर में बढ़ रहे क्राइम ग्राफ को लेकर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने चिंता जाहिर की है और उन्होंने मध्यप्रदेश की पुलिस पर भी अपना गुस्सा निकाला है। पुलिस के ऊपर सीएम का गुस्सा निकालना भी एक तौर से ठीक देखा जा रहा है क्योंकि चार महीने पहले हबीबगंज इलाके में पीएससी की तैयारी कर रही युवती के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले के बाद एक बार फिर राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। एक के बाद एक बड़ी वारदातों ने भोपाल को दहला दिया है। छेड़छाड़ की घटनाओं ने एक बार फिर पुलिस के उन दावों और वादों की पोल खोल दी है, जो हबीबगंज गैंगरेप की घटना के बाद किये गए थे और ढेरों अभियान मुहीम शुरू की गई थी।  भोपाल पुलिस की इस लचर सुरक्षा व्यवस्था पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी आग बबूला हो गए और सीएम ने आरती आत्महत्या मामले पर नाराजगी दिखाते हुए आईजी जयदीप प्रसाद को कड़ी फटकार लगाई है और जल्द ही राजधानी में अपराधों पर लगाम लगाने के निर्देश दिए हैं।
यहां है मामला 

19 वर्षीय आरती जेपी नगर में रहती थी और गीतांजलि कालेज में बीकॉम सेकंड ईयर की छात्रा थी। शनिवार को कालेज से लौटने के बाद उसने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। थोड़ी देर बाद जब उसका भाई आया तो उसने घर के दरवाजे को अंदर से बंद पाया। मां घर पहुंची तो उन्होंने भी आवाज दी,लेकिन दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोस से झांककर देखा तो कमरे में छात्रा फांसी पर लटकी हुई थी। पुलिस ने जब परिजनों के बयान लिए तो छात्रा के साथ छेडखानी की बात सामने आई। दानिश नाम का युवक छात्रा को लंबे समय से परेशान कर रहा था। पुलिस ने इस मामले में दानिश के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।