शनिवार को स्वास्थ्य मंत्री पोरसा में शहीद रामकृष्ण तोमर के गांव तरसमा जा रहे थे। जब वे नेहरू पार्क पर स्वास्थ्य कर्मियों के धरना स्थल के पास आने वाले थे तो उनके काफिले के पायलेट वाहन के हूटर की आवाज सुनकर संविदा स्वास्थ्य कर्मी धरने से उठकर एमएस रोड पर आ गए और स्वास्थ्य मंत्री के वाहन को रोक लिया और घेराव करने लगे। स्वास्थ्य मंत्री के वाहन को घेरने की सूचना जैसे ही पुलिस को मिली, वैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची और संविदा स्वास्थ्य कर्मियों पर कार्रवाई करने का प्रयास करने लगी, लेकिन वाहन में बैठे स्वास्थ्य मंत्री ने पुलिस कर्मियों को कर्मचारियों पर कार्रवाई करने से रोक दिया। साथ ही कहा कि इन पर किसी तरह की कार्रवाई नहीं करनी है। इसके बाद पुलिस कर्मी रुक गए।
यह कहा स्वास्थ्य मंत्री ने हड़ताली कर्मचारियों से
स्वास्थ्य मंत्री ने हड़ताली कर्मचारियों से कहा कि उनकी हड़ताल अनुचित है। उन्हें काम पर वापस आ जाना चाहिए। फिर भी पोरसा से वे शाम को लौटकर आ जाएंगे। इसके बाद कर्मचारियों का एक 10 से 12 लोगों का दल उनके बंगले पर आ जाए। उनकी मांगों को सुनेंगे और रास्ता निकालने का प्रयास करेंगे। इस आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने उन्हें जाने दिया।

Post a Comment