पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ ग्वालियर -स्मार्ट फोन दो-धारी तलबार की तरह है। इसका सदुपयोग भी है और दुरपयोग भी। विद्यार्थी सरकार द्वारा दिए जा रहे इन स्मार्ट फोन से सूचना प्रोद्योगिकी के दौर में बेहतर ज्ञान हासिल करें।
यह आह्वान प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया ने शनिवार को भगवत सहाय कॉलेज में पांच कॉलेजों के सत्र 2016-17 के विद्यार्थियों को शासन की योजना के तहत स्मार्ट फोन वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि किया। उन्होंने कहा कि बेशक यह फोन कुछ लोगों के लिए मामूल बात हो सकती है,पर आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के बच्चों के लिए स्मार्ट फोन एक बड़ी सौगात है। विद्यार्थी इस फोन को ज्ञान अर्जन का माध्यम बनाएं। कार्यक्रम की अध्यक्षता नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने की। महापौर विवेक नारायण शेजवलकर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
प्रदेश सरकार इकलौती
उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया ने कहा कि मप्र सरकार इस देश में ऐसी इकलौती सरकार है,जो 12 कक्षा में 70 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियों की फीस भर रही है। वास्तव में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का यह क्रांतिकारी निर्णय है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपने अंदर छुपी हुई प्रतिभा को तराशें। शिक्षक उनकी इस प्रतिभा को निखारने का काम करें।
परीक्षाओं के चक्रव्यूह में फंस गया था विद्यार्थी
सेमेस्टर प्रणाली को खत्म करने के निर्णय को लेकर उन्होंने कहा कि यहां विद्यार्थी परीक्षाओं के चक्रव्यूह में फंस गया था। इससे निकालने ही वार्षिक परीक्षा प्रणाली लागू की। वह चाहते हैं कि विद्यार्थी केवल पढ़ने की मशीन न बनें, कॉलेजों में होने वाले विभिन्न आयोजनों के जरिए उसकी प्रतिभा भी बाहर आए।
3060 को मिले फोन
स्मार्ट फोन वितरण समारोह में केआरजी,भगवत सहाय,वीआरजी,साइंस व संस्कृत कॉलेज के 3060 विद्यार्थियों को समारोह में फोर स्टार कंपनी के स्मार्ट फोन दिए गए। शेष लगभग 2 हजार को कॉलेजों से फोन दिए जाएंगे।

Post a Comment