माफी मांगने पर सिसोदिया की सफाई - लोगों के काम करने आए हैं, अदालत जाने का नहीं है समय



डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया. (फाइल फोटो)


सिसोदिया ने सोमवार को कहा कि वे किसी ‘‘अहं के टकराव’’ में रूचि नहीं रखते और कानूनी पचड़े में समय नहीं खराब करना चाहते बल्कि लोगों की सेवा करना चाहते हैं।


नई दिल्ली: विपक्षी दलों के नेताओं से माफी मांगने के लिए आलोचनाओं का सामना कर रहे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने बचाव किया. सिसोदिया ने सोमवार को कहा कि वे किसी ‘‘अहं के टकराव’’ में रूचि नहीं रखते और कानूनी पचड़े में समय नहीं खराब करना चाहते बल्कि लोगों की सेवा करना चाहते हैं. वहीं पूर्व आप नेता ने माफी मांगने को लेकर अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा और कहा कि अगर वह इतनी आसानी से पीछे हटने वाले थे तो उन्होंने 20 ‘ भ्रष्ट नेताओं’ की सूची क्यों जारी की थी.

'लोगों के काम करने के लिए आए हैं'
सिसोदिया ने दिल्ली विधानसभा परिसर के बाहर संवाददाताओं से कहा, ‘‘अगर कोई हमारी टिप्पणी से आहत होता है तो हम माफी मांग लेंगे. हम इसे अहं का टकराव नहीं बनाएंगे. हम यहां लोगों के लिए काम करने आए हैं. हमारे पास अदालत जाने का समय नहीं है, हमने खुद के लिए समय निकाला है ताकि हम लोगों के लिए लड़ सकें.’’ 

नितिन गडकरी और सिब्बल से मांगी माफी
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और सिसोदिया द्वारा केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल के बेटे अमित सिब्बल के खिलाफ कुछ टिप्पणियों पर खेद जताने के बाद उनका बयान सामने आया. आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर दोनों ने अलग-अलग मानहानि याचिकाएं दायर की थीं. 

बिक्रम सिंह मजीठिया से भी मांगी थी केजरीवाल ने माफी
केजरीवाल ने पिछले हफ्ते अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया पर नशे के धंधे में संलिप्त होने का अरोप लगाने के लिए माफी मांगी थी. उनके इस कदम से हर कोई हैरान था, खासकर आप की पंजाब इकाई. बहरहाल, रविवार को एक बैठक में केजरीवाल ने पंजाब के विधायकों की बैठक में उन्हें शांत कराने का प्रयास किया ताकि राज्य इकाई में बिखराव से बचा जा सके.

अब इतना आसानी से पीछे क्यों हटे केजरीवाल: अंजलि दमानिया
आम आदमी पार्टी की पूर्व नेता अंजलि दमानिया ने सोमवार को अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला और सवाल किया कि अगर वह इतनी आसानी से पीछे हटने वाले थे तो उन्होंने 20 ‘ भ्रष्ट नेताओं’ की सूची क्यों जारी की थी. उन्होंने केजरीवाल की इस दलील को भी खारिज कर दिया कि वह दिल्ली में ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं. केजरीवाल ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी सहित कई विरोधी नेताओं से अपने पहले के आरोपों के लिए माफी मांगी है.

कभी केजरीवाल की सहयोगी रहीं दमानिया ने गडकरी पर पूर्ति समूह में अनियमितताओं का आरोप लगाया था. दमानिया ने कहा, ‘‘ यह देखना बहुत परेशानी की बात है कि अरविंद गडकरी से माफी मांग कर रहे हैं जबकि मैंने उनके( गडकरी) के खिलाफ ठोस सबूत दिए थे. अगर इतनी आसानी से पीछे हटना था तो फिर आप ने20 भ्रष्ट नेताओं की सूची क्यों जारी की थी?’’ उन्होंने कहा कि वह खुद मानहानि के 24 मामलों का सामना कर रही हैं और आखिर तक लड़ेंगी.

अंजलि दमानिया साल 2015 में आप से अलग हो गई थीं.