अच्छी बारिश के लिए करना होगा इंतजार, बादल जमाए हैं डेरा

मंथन ऩ्यूज भोपाल। मानसून की आमद तो हो गयी है, लेकिन मध्यप्रदेश वासियों को अभी भी अच्छी बारिश का इंतजार है। पिछले दो चार दिनों से प्रदेश भर में बादल तो छाए हुए हैं, लेकिन बारिश नहीं हो रही है। पिछले दो दिनों से तेज धूप और उमस के कारण लोगों को बारिश की चिंता सताने लगी है दूसरी तरफ मौसम विभाग का कहना है कि अभी एक हफ्ते तक बारिश के लिए इंतजार और करना होगा। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई हिस्सों में शुक्रवार और शनिवार को मौसम साफ रहा और तेज धूप और उमस के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के निदेशक अनुपम काश्यपि के अनुसार पूरे प्रदेश में बादल छाए हुए हैं। बादलों की मोटाई ज्यादा नहीं है। करीब 2.225 किमी के बादल है। ऐसी स्थिति में अच्छी बारिश की संभावना बहुत कम है। कहीं-कहीं थोड़ी बहुत बारिश के आसार है। अगले दो चार दिन इस स्थिति से कुछ खास राहत मिलने की संभावना नहीं है। 14-15 जुलाई तक प्रदेश में अच्छी बारिश की संभावना है। 
बादल छाए रहने के कारण और तेज धूप के कारण गर्मी और उमस का असर बढ़ गया है। बीते दो दिनों से बारिश का दौर कमजोर पड़ने से तापमान में उछाल आया है और गर्मी बढ़ गई है। मौसम विभाग ने रीवा, जबलपुर, सागर संभाग के अलावा डिंडोरी, होशंगाबाद, रायसेन, हरदा, बैतूल सहित कई स्थानों पर आगामी 24 घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार जताए हैं। 
राज्य के मौसम में बदलाव के साथ तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। भोपाल का शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री, इंदौर का 23 डिग्री, ग्वालियर का 27.4 डिग्री और जबलपुर का 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।