स्वच्छता अभियान में हर व्यक्ति अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे

मंथन न्यूज रीवा उद्योग मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि स्वच्छता अभियान में हर व्यक्ति को अपनी भागीदारी सुनिश्चित करना चाहिये। उन्होंने कहा कि इसके लिए शहर को साफ-सफाई के मामले अव्वल बनाने का संकल्प लेना होगा। श्री शुक्ल आज रीवा में स्वच्छ भारत मिशन की तीसरी वर्षगाँठ के अवसर पर स्वच्छता ही सेवा, विशेष जागरूकता एवं श्रमदान पखवाड़े का समापन कर रहे थे। इस अवसर पर सांसद श्री जनार्दन मिश्र भी मौजूद थे।

श्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में स्वच्छता का कार्य जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। अब हर व्यक्ति घर, गली, मोहल्ला एवं शहर की साफ-सफाई पर ध्यान दे रहा है। उद्योग मंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में कचरे से ही बिजली बनाई जाएगी। उद्योग मंत्री ने इस मौके पर अभ्युदय स्मारिका का विमोचन किया साथ ही स्वच्छता संबंधी कार्य में विशेष योगदान देने वाले व्यक्तियों एवं संगठनों को सम्मानित किया। श्री शुक्ल ने इस मौके पर परिसर में झाड़ू लगाकर श्रमदान भी किया।

उद्योग मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल रीवा में आयोजित मद्य-निषेध कार्यक्रम में भी शामिल हुए। श्री शुक्ल ने एक करोड़ 37 लाख 76 हजार रुपये लागत से बनने वाले सड़क तथा पार्क निर्माण का भूमि-पूजन किया।