शिवपुरी। शिवपुरी में सोमवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता स्व. माधवराव सिंधिया की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में सिंधिया परिवार के दो सदस्य कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य ङ्क्षसधिया और प्रदेश की भाजपा सरकार में खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया एक मंच पर साथ नजर आए। सिंधिया परिवार के दोनों सदस्यों ने एक साथ स्व. माधवराव सिंधिया की प्रतिमा का अनावरण किया। इतना ही नहीं इस कार्यक्रम में भाजपा व कांग्रेस के कई विधायक भी इस मंच पर साथ-साथ देखे गए। इससे पहले इस कार्यक्रम के लिए नगर पालिका द्वारा छपवाए गए आमंत्रण कार्डों को लेकर भी विवाद रहा। नगर पालिका ने पहले जो कार्ड छपवाया था उसमें कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को मुख्य अतिथि के तौर पर उनका नाम प्रकाशित किया था लेकिन बाद में कुछ भाजपा नेताओं की आपत्ति पर अचानक दूसरे कार्ड छपवाए गए इसमें भाजपा सरकार की प्रदेश मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया को मुख्य अतिथि पर उनका नाम छापा गया और रातों-रात यह कार्ड छपवाए गए। इस प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम को सबसे पहले कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने संबोधित किया। इस मौके पर सांसद सिंधिया ने कहा कि उनके पिता स्व माधवराव सिंधिया राजनीति में जनसेवा के लिए आए थे, न कि राजनीति के लिए। उन्होंने कहा कि उनका भी यही उद्देश्य है कि वह उनके पिता के बताए मार्गों पर चलें। उन्होंने कहा कि वर्तमान में राजनीति का स्तर काफी गिर गया है। सांसद सिंधिया ने कहा कि जब उनकी दादी राजमाता विजयराजे और उनके पिता माधवराव सिंधिया राजनीति में थे तब राजनीति का वातावरण इतना नहीं गिरा था लेकिन आज माहौल बिल्कुल अलग है। सांसद सिंधिया ने कहा कि नेताओं के बीच प्रतिद्वंदिता चुनाव तक रहना चाहिए। इसके बाद जब परिणाम आ जाएं तो एकसाथ विकास पर फोकस रहना चाहिए। सांसद सिंधिया ने इस मौके पर नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों से कहा कि जिस तरह से आज उनके पिता की मूर्ति का अनावरण हो रहा है उसी तरह उनकी दादी राजमाता विजयराजे की मूर्ति भी शिवपुरी में जल्द स्थापित होना चाहिए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खेल मंत्री और भाजपा नेता यशोधरा राजे सिंधिया ने अपने भाई स्व. माधवराव सिंधिया की तारीफ करते हुए कहा कि उनके भाई कांगे्रस में जरूर थे लेकिन वह उनके नेतृत्वकर्ता थे। यशोधरा ने कहा कि उनके भाई ने हमेशा उन्हें आगे बढ़ाने का काम किया। खेल मंत्री ने कहा कि शिवपुरी-गुना ऐसा संसदीय क्षेत्र रहा यहां से उनकी मां राजमाता विजयराजे सिंधिया और भाई स्व माधवराव सिंधिया ने अपना पहला चुनाव भी यहीं से जीता और आखिरी चुनाव भी यहीं से जीता। इस मौके पर भाजपा व कांग्रेस के कई नेता एक साथ मंच साझा करते हुए नजर आए। इनमें नगर पालिका शिवपुरी के अध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह, भाजपा विधायक पोहरी प्रहलाद भारती, कांग्रेस के विधायक पिछोर के.पी.सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष व विधायक कोलारस रामसिंह यादव, विधायक विजयपुर और पूर्व मंत्री व कांग्रेस नेता रामनिवास रावत सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे

Post a Comment