चुनाव में चेहरे के साथ मजबूत संगठन, जनता का विश्वास जरूरी : सिंधिया

jyotiraditya 17 12 2017पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ भोपाल -कांग्रेस में चुनाव से पहले चेहरा घोषित करने का मुद्दा उठाने वाले सांसद और पूर्व मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अब अपने कदम पीछे खींचते नजर आ रहे हैं। अब वे कह रहे हैं कि कांग्रेस में हमारे पास कई चेहरे हैं। मैं आज भी यह मानता हूं कि चेहरा घोषित होना चाहिए, लेकिन उसके साथ संगठन को भी शहर के हर वार्ड और गांव की हर पंचायत तक मजबूत करने की जरूरत है।
सिंधिया ने रविवार को मंथन न्यूज़  से विशेष चर्चा में यह बात कही। उन्होंने कहा कि चुनाव कांग्रेस-भाजपा के बीच नहीं है, इससे न केवल मध्यप्रदेश बल्कि जन-जन के भविष्य का फैसला होगा। सिंधिया ने चुनाव को लेकर तीन बातों पर जोर दिया पहला चेहरा, दूसरा मजबूत संगठन और तीसरा जनता में पार्टी के प्रति विश्वास व उम्मीद।
जीत में कार्यकर्ताओं व जनता का योगदान
सिंधिया से जब यह सवाल किया गया कि अटेर में आपके, चित्रकूट में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के भरोसे पार्टी जीती और अब कोलारस व मुंगावली में भी आपके सहारे पार्टी है तो उन्होंने कहा कि किसी नेता को यह गलतफहमी नहीं होना चाहिए कि वे चुनाव लड़ते हैं। वे बोले कि जीत में नेताओं का योगदान 5 या 10 फीसदी होता है। 90 फीसदी योगदान कार्यकर्ता या जनता का होता है। जहां कार्यकर्ता मिलकर चुनाव लड़ते हैं, वहां पार्टी जीतती है। मगर जीत के समय चेहरा व्यक्ति का दिख जाता है तो श्रेय उसे मिल जाता है। व्यक्ति के चेहरे के पीछे कार्यकर्ता व जनता ही रहती है। पिछले 10-11 चुनावों में पार्टी की हार के सवाल को वे टाल गए। सिंधिया ने कहा कि पहले जो कमियां थीं, उन्हें दूर कर उनसे उबरना होगा।
रात को सड़कें देख पाते हैं सीएम, तभी हालत नहीं पता
सिंधिया ने चर्चा में कहा है कि प्रदेश में किसान परेशान, महिलाएं पीड़ित, नौजवान बेरोजगार, 16 लाख शिक्षित बेरोजगार हैं। सड़कें खराब हैं। गड्ढों में सड़कें ढूंढना पड़ती हैं। मुख्यमंत्री अमेरिका में जाकर कहते हैं कि हमारी सड़कें अमेरिका से ज्यादा अच्छी हैं। सिंधिया ने कहा इन दिनों मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर और विमान में चलते हैं। उपचुनाव के दौरान रोड शो में रात को ही सड़क देख पाते हैं, इसलिए उन्हें सड़कों की हालत नहीं पता। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई है। अस्पतालों में डॉक्टर नहीं है। प्रसव के लिए महिलाएं अस्पताल परिसर के बाहर लेटी रहती हैं। सिंधिया ने मुख्यमंत्री के कार्यकाल के 12 साल के कार्यक्रम को त्योहार कहते हुए प्रदेश की जनता के साथ क्रूर मजाक बताया।
राहुल की मेहनत राष्ट्र के लिए रंग लाएगी
जब सिंधिया से पूछा गया कि क्या गुजरात चुनाव से राहुल गांधी परिष्कृत होंगे तो उन्होंने कहा कि जो मेहनत उन्होंने गुजरात चुनाव में की है, वह कांग्रेस के लिए नहीं राष्ट्र और प्रदेश के लिए रंग लाएगी। उन्होंने चुनाव में पूरी तरह से खुद को झोंक दिया था, जिससे जनता ने उन्हें प्रेम दिया और विश्वास किया है। उनके ही नेतृत्व में एक अच्छी शुरुआत होगी।