विधानसभा चुनाव से पहले निकाय चुनाव में होगी सत्ता-संगठन की परीक्षा

elections 17 12 2017पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ भोपाल -प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सत्ता और संगठन की नगर निकाय चुनाव में फिर परीक्षा हो सकती है। चित्रकूट विधानसभा उपचुनाव के नतीजों के बाद अनुसूचित जनजाति बहुल इन अधिसूचित क्षेत्रों के निकायों में भाजपा व कांग्रेस एक बार फिर आमने-सामने होगी। इसके साथ ही भिंड की अकोड़ा, देवास की करनावद और राजगढ़ की खिलचीपुर नगर परिषद के अध्यक्ष को वापस बुलाने को लेकर भी चुनाव प्रस्तावित हैं।
सरदार सरोवर बांध के पुनर्वास संबंधी कार्यों के चलते राज्य निर्वाचन आयोग ने धार और बड़वानी के 16 निकायों के चुनाव आम चुनाव के साथ नहीं कराए थे। इसके अलावा कुछ और निकाय थे, जिनका कार्यकाल पूरा नहीं हुआ था। इन सभी निकायों के चुनाव जनवरी में कराए जाएंगे।
इसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। निर्वाचन आयुक्त आर. परशुराम कई जिलों को दौरा करके अधिकारियों के साथ बैठक कर चुके हैं। मतदाता सूची तैयार हो चुकी है। इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की जांच भी हो गई है। जिन जिलों में आयोग का दौरा नहीं हो पाया था, वहां के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों की बैठक 22 दिसंबर को बुलाई गई है।
बताया जा रहा है कि अधिकारियों से फीडबैक लेने के बाद आयोग चुनाव की तारीखों की घोषणा कर सकता है। शहडोल की धनपुरी और उमरिया की उमरिया नगर पालिका के चुनाव पर हाईकोर्ट का स्थगन होने से यहां फिलहाल चुनाव नहीं होंगे। रीवा की नगर परिषद सेमरिया में अध्यक्ष पद के लिए उपचुनाव होगा। 12 जिलों में पार्षद पद के लिए उपचुनाव प्रस्तावित हैं।
इसलिए महत्वपूर्ण हैं चुनाव
सूत्रों का कहना है कि 20 निकायों में आम चुनाव के साथ एक दर्जन से ज्यादा जिलों में विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। चित्रकूट उपचुनाव में भाजपा की हार में एक बड़ा कारण अनुसूचित जनजाति के मतदाताओं का विरोध में मतदान करना माना गया।
यही वजह है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कोलारस और मुंगावली विधानसभा के प्रस्तावित उपचुनाव को देखते हुए अनुसूचित जनजाति के मतदाताओं पर खासा फोकस किया है। कोलारस में तो सहरिया के लिए कई घोषणाएं भी पिछले दिनों की है।
इनके साथ होगी बैठक
सूत्रों के मुताबिक राज्य निर्वाचन आयुक्त 22 दिसंबर को भिंड, शिवपुरी, गुना, देवास और राजगढ़ के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा चुनाव पर्यवेक्षक और उप निर्वाचन अधिकारियों को भी बुलाया गया है। बताया जा रहा है कि इस बैठक में आम चुनाव के साथ उपचुनाव की रणनीति भी तय हो जाएगी।
यहां होंगे चुनाव
नगर पालिका- धार, मनावर, सेंधवा, बड़वानी, राघोगढ़।
नगर परिषद- सरदारपुर, राजगढ़, धरमपुरी, धामनोद, कुक्षी, डही, पृथवीपुर, पानसेमल, खेतिया, पलसूद, अंजड़, राजपुर, ओंकारेश्वर, नरवहर, जैतहारी।