पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ भोपाल - प्रदेश में आईएएस अफसरों के साथ नए साल में राज्य प्रशासनिक सेवा (राप्रसे) अफसरों को पदोन्नति का तोहफा मिलेगा। राप्रसे के अधिकारियों की पदोन्नति के लिए अपर मुख्य सचिव दीपक खांडेकर की अध्यक्षता में मंत्रालय में विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की बैठक हुई। बताया जा रहा है कि बैठक में अदालत के फैसले की वजह से अटके मामले पर भी विचार किया गया।
सूत्रों के मुताबिक अपर मुख्य सचिव दीपक खांडेकर के मंत्रालय स्थित कक्ष में मंगलवार को राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की पदोन्नति के लिए डीपीसी हुई। इसमें एक-एक करके सात बैठकें की गईं। बताया जा रहा है कि 2005 बैच के कुछ अधिकारियों के अलावा 2006 और 2007 बैच के अधिकारी संयुक्त कलेक्टर से पदोन्नत होकर अपर कलेक्टर हो जाएंगे।
इसी तरह 2011, 2012 और 2013 बैच के अधिकारी डिप्टी कलेक्टर से संयुक्त कलेक्टर हो जाएंगे। इसके अलावा कुछ अधिकारियों को अधिसमय वेतनमान में पदोन्नत किया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग के उच्च पदस्थ अधिकारियों ने बैठक की पुष्टि करते हुए कहा कि नए साल में बड़े स्तर पर पदोन्नतियां होंगी।

Post a Comment