नई दिल्ली। चारा घोटाले के चौथे मामले में रांची की विशेष सीबीआई कोर्ट ने आरजेडी अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद को दोषी करार दिया है। कोर्ट के फैसले पर लालू यादव की पत्नी राबड़ी देवी ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि कोर्ट ने राहत मिलेगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ, फिर भी वह कोर्ट के फैसले का सम्मान करती हैं। हम इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएंगे।
हम देश छोड़ने वाले नहीं: राबड़ी
बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी ने देश में पिछले दिनों हुए घोटाले को लेकर सरकार पर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि भले ही कोर्ट का फैसला उनके खिलाफ आया है, लेकिन वो देश छोड़कर भागने वालों में नहीं है। बता दें राबड़ी के निशाने पर पीएनबी घोटाले का आरोपी नीरव मोदी और आईपीएल सट्टेबाजी का आरोपी ललित मोदी था। जो घोटाला सामने आने के बाद देश छोड़कर फरार हो गए।
आइये जाने इसके महत्वपूर्ण बिंदु
चारा घोटाला के चौथे केस में भी लालू दोषी
विशेष सीबीआई के जस्टिस शिवपाल सिंह ने दिसंबर 1995 से जनवरी 1996 तक दुमका कोषागार से फर्जी तरीके से 3.13 करोड़ रुपये निकालने के मामले में लालू प्रसाद को दोषी करार दिया है। लेकिन इसी मामले में बिहार के पूर्व सीएम जगन्नाथ मिश्रा को बरी कर दिया गया। यह फैसला पहले 15 मार्च को सुनाया जाना था, जिसे चार बार पहले भी आगे बढ़ा दिया गया था।
सुनवाई के बाद अस्पताल गए लालू
लालू प्रसाद ने शनिवार को कब्ज होने की शिकायत की थी, जिसके बाद उन्हें यहां के राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (रिम्स) में भर्ती कराया गया। सजा सुनाये जाने के समय उनके वकील अदालत में मौजूद थे। सजा सुनाये जाने के बाद लालू यादव आगे के इलाज के लिए रिम्स वापस लौट गए।
इसी हफ्ते होगा सजा का ऐलान
चारा घोटाला का यह दूसरा मामला है जिसमें मिश्रा को बरी किया गया है। लालू प्रसाद और मिश्रा दोनों चारा घोटाला के पांच मामलों का सामना कर रहे हैं। लालू प्रसाद के वकील प्रभात कुमार के अनुसार, "सीबीआई अदालत सजा की घोषणा इस हफ्ते बाद में करेगी।"
1996 में पहली बार हुआ केस
चारा घोटाला में पहली बार 1996 में मामला दर्ज किया गया था। उस समय मामले में 49 आरोपी थे। मुकदमे के दौरान 14 की मौत हो गई। अदालत ने सोमवार को 31 आरोपियों में से 19 को दोषी करार दिया और 12 को बरी कर दिया। मिश्रा के अलावा ध्रुव भगत, आर.के. राणा और जगदीश शर्मा जैसे राजनीतिज्ञों को बरी किया गया।
फैसले के पीछे मोदी: आरजेडी
फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए राजद नेता रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा, "इस मामले में चार षड्यंत्रकारी थे और मिश्रा समेत तीन को बरी कर दिया गया। यह दिखाता है कि (प्रधानमंत्री) नरेंद्र मोदी कुछ खेल खेल रहे हैं। हम फैसले के खिलाफ अपील करेंगे।"
पहले से जेल में हैं लालू
लालू प्रसाद को वर्ष 2013 में चारा घोटाले के पहले मामले में पांच वर्ष की सजा सुनाई गई थी। उन्हें 23 दिसंबर 2017 को इसके दूसरे मामले में दोषी ठहराया गया था और साढ़े तीन वर्ष की सजा सुनाई गई थी। वहीं चारा घोटाले के तीसरे मामले में उन्हें 24 जनवरी को पांच वर्ष की सजा सुनाई गई थी। वर्ष 2000 में बिहार से झारखंड के अलग हो जाने के बाद चारा घोटाले से जुड़े सारे मामलों को रांची स्थानांतरित कर दिया गया था।

Post a Comment