सोनिया गांधी के सरकारी आवास से SPG कमांडो गायब

 मंथनन्यूज दिल्‍ली: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के सरकारी आवास में तैनात एक एसपीजी कमांडो लापता है। कमांडो के गायब होने की सूचना उसके पिता ने दी। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक आखिरी बार 1 सितंबर को राकेश कुमार को 10 जनपद हाउस में देखा गया था वहां वह साथी जवानों से मिला और कुछ समय बाद वहां से निकल गया। परिवार वालों ने बताया कि वो कमांडो की वर्दी में घर से निकला था। हैरानी की बात यह है कि जिस दिन वह वर्दी पहनकर जनपथ पहुंचा था उस दिन उनकी वहां ड्यूटी नहीं थी।

सर्विस रिवॉल्वर भी नहीं लेकर गया साथ
पुलिस राकेश को खोजने के साथ इस बात का पता लगाने में भी जुटी है कि बिना ड्यूटी सरकारी वर्दी में सोनिया गांधी के आवास पर एसपीजी कमांडो पहुंचा ही क्यों? और फिर उसके बाद कहां गायब हो गया। सोनिया गांधी के घर से निकलते वक्त वह अपनी सर्विस रिवॉल्वर भी नहीं लेकर गया। इसके आलावा राकेश ने अपना मोबाइल फोन साथ नहीं रखा जिसकी वजह से पुलिस उन्हें अब तक खोज नहीं पाई है। कहा जाता है कि 31 वर्षीय राकेश एक तेजतर्रार कमांडो है।