टी-20 मैचों में भारत की 50th जीत, ऑस्ट्रेलिया को 10वीं बार हराया


पुनम पुरोहित मंथन न्यूज-रांची. टीम इंडिया ने बारिश से प्रभावित सीरीज के पहले टी-20 मैच में ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट (DLS मैथड) से हरा दिया। मैच में भारत को जीत के लिए 6 ओवरों में 48 रन (DLS) का टारगेट मिला था। मेजबान टीम ने 5.3 ओवर में 1 विकेट पर 49 रन बनाते हुए मैच जीत लिया। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 18.4 ओवर में 8 विकेट खोकर 118 रन बनाए थे। इसके बाद बारिश की वजह से मैच काफी देर तक रुका रहा। बारिश रुकने के बाद भारतीय टीम को DLS मैथड से नया टारगेट दिया गया। इस मैच को जीतकर भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली। अगला मैच 10 अक्टूबर को गुवाहाटी में होगा। यह 84वें टी-20 मैच में भारत की 50वीं जीत है। भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 10वीं बार हराया है। 
टी-20 फॉर्मेट में कंगारू टीम के खिलाफ भारतीय टीम की ये लगातार सातवीं जीत है। 

- ऑस्ट्रेलिया ने इस फॉर्मेट में भारत को आखिरी बार सितंबर 2012 में हराया था। इसके बाद दोनों टीमों के बीच अबतक 7 टी-20 मैच हुए हैं। सभी भारत ने जीते हैं।

- इस जीत के साथ ही भारत ने घरेलू जमीन पर कंगारू टीम के खिलाफ अपना जीत का रिकॉर्ड बरकरार रखा।

- इस मैच को मिलाकर भारत ने घर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार मैच खेले हैं और चारों जीते हैं।

 

 

ऐसा रहा मैच का रोमांच

 

- मैच में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला लिया। जिसके बाद बैटिंग करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही और लगातार उसके विकेट गिरते रहे।

- ऑस्ट्रेलिया ने 18.4 ओवर में 8 विकेट पर 118 रन बनाए थे, इसके बाद बारिश शुरू हो गई, और मैच को रोकना पड़ा।

- मेहमान टीम की ओर से एरोन फिंच ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए। इसके अलावा मैक्सवेल और टिम पैने ने 17-17 रन बनाए।

- भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह और कुलदीप यादव ने 2-2 तो वहीं चहल, भुवी और पंड्या ने 1-1 विकेट लिया। 8 में से 6 कंगारू बैट्समैन बोल्ड होकर पवेलियन लौटे।

- बारिश रुकने के बाद जब मैच शुरू हुआ तो टीम इंडिया को डकवर्थ लुईस मैथड से 6 ओवर में 48 रन का टारगेट दिया गया।

- टारगेट का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत खराब रही और दूसरे ओवर में ही रोहित शर्मा (11) आउट हो गए।

- इसके बाद विराट कोहली (22*) और शिखर धवन (15*) ने मिलकर 5.3 ओवर में 49 रन बनाते हुए टीम को जीत दिला दी।

- मैच में शानदार बॉलिंग करते हुए 4 ओवर में 2 विकेट लेने वाले भारत के कुलदीप यादव को 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया।

 

ऐसे आउट हुए थे ऑस्ट्रेलियाई प्लेयर्स

 

- टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही और पहला विकेट केवल 8 के स्कोर पर गिर गया।

भुवनेश्वर कुमार ने 0.5 ओवर में कप्तान डेविड वॉर्नर (8 रन) को बोल्ड करते हुए ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका दिया।

- मेहमान टीम का दूसरा विकेट 6.3 ओवर में गिरा। जब चहल की बॉल पर ग्लेन मैक्सवेल (17) को बुमराह ने कैच कर लिया।

- इस इंडिया टूर पर मैक्सवेल का ये चौथा मैच था और चारों बार उन्हें चहल ने आउट किया।

- थोड़ी देर बाद ही 76 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया का तीसरा विकेट भी गिर गया। जब 9.5 ओवर में एरोन फिंच (42) को कुलदीप यादव ने बोल्ड कर दिया।

- 13वें ओवर में 87 रन पर कुलदीप ने चौथा विकेट भी गिरा दिया। जब इस ओवर की दूसरी बॉल पर उन्होंने हेनरिक्स (8) को बोल्ड कर दिया।

- 89 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को पांचवां झटका लगा, जब 13.3 ओवर में हार्दिक पंड्या की बॉल पर ट्रेविस हेड बोल्ड हो गए।

- टिम पैने को 15वें ओवर में तीन जीवनदान मिले। लेकिन फिर भी वे इसका फायदा नहीं उठा सके। उनके रूप में छठा विकेट गिरा।

- जसप्रीत बुमराह ने 18वें ओवर में दो विकेट लिए। पहले तो उन्होंने पैने को 17.1 ओवर में बोल्ड कर दिया। वे 17 रन बनाकर आउट हुए।

- इसके बाद बुमराह ने कोल्टर नाइल (1) को आउट किया। जो 17.4 ओवर में उनकी बॉल पर बोल्ड हो गए।

- डेन क्रिस्चियन (9) आउट होने वाले आठवें बैट्समैन रहे, जो 18.1 ओवर में रन आउट हो गए। इस वक्त टीम का स्कोर 114 रन था।

- एडम जम्पा (4) और एंड्रू टाई (0) नॉट आउट लौटे।

 

मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया को लगा बड़ा झटका

 

- सीरीज शुरू होने से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम को जबरदस्त झटका लगा, जब उनके कप्तान स्टीव स्मिथ कंधे में चोट के कारण सीरीज से हट गए।

- स्मिथ की जगह मार्कस स्टॉइनिस को टीम में लाया गया है। स्मिथ को प्रैक्टिस सेशन के दौरान रांची में ये चोट लगी थी। पहले उन्हें डॉक्टर्स ने मैच के लिए फिट घोषित किया था, लेकिन फिर वो पूरी सीरीज से हट गए।