मीडिया पर आक्षेप और सदन की मान्य परम्‍पराओं का उल्लंघन निदंनीय - मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा

मीडिया पर आक्षेप और सदन की मान्य परम्‍पराओं का उल्लंघन निदंनीय
डॉ. नरोत्तम मिश्र ने श्री जीतू पटवारी को किया कटघरे में खड़ा
भोपाल, 9 मार्च 2018

जनसम्‍पर्क, जल संसाधन और संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने आज विधानसभा में प्रश्नोत्तर काल के दौरान कांग्रेस विधायक श्री जीतू पटवारी द्वारा सीधे विधानसभा अध्यक्ष से सवाल-जवाब करने और मीडिया पर आक्षेप की निंदा की है। विधानसभा परिसर में प्रेस से चर्चा करते हुए डॉ. मिश्र ने कहा कि श्री पटवारी ने मान्य परम्पराओं का उल्लंघन किया है। मंत्री के बजाय आसंदी से प्रश्न किया गया। नियम प्रक्रिया को तोड़ने की कोशिश की। डॉ. मिश्र ने कहा कि इस बात की उन्हें व्यक्तिगत रूप से पीड़ा है।
डॉ. मिश्र ने कहा कि श्री पटवारी ने आसंदी से मुखातिब होने के साथ-साथ किए गए प्रश्न को ट्विस्ट करने और कभी मेरी जैकेट या मेरी मूछों की बात करने का औचित्य समझ से परे है। सदन में हर सवाल का जवाब देने को मंत्री तैयार हैं। लेकिन वे व्यक्तिगत खुन्नस निकालते रहे। उन्होंने विधानसभा के फ्लोर का गलत उपयोग किया। श्री पटवारी का यह कहना कि चोरों को विज्ञापन दिए गए, आपत्तिजनक है। कांग्रेस की मानसिकता आज उजागर हो गई है। किसी के लिए चोरों की मंडली जैसे शब्दों का उपयोग करना उचित नहीं है। डॉ. मिश्र ने मीडिया के माध्यम से प्रार्थना की गलत मानसिकता या गलत परम्परा को सहन न किया जाए।
डॉ. मिश्र ने लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ के नाते मीडिया से अपेक्षा की कि वे यदि यह सहन करते हैं तो वो लोग गलत परम्परा डाल लेंगे और मीडिया पर दबाव डालेंगे।