मंथन ऩ्यूज भोपाल, ब्यूरो। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कल मध्यप्रदेश ने एक इतिहास बनाया है। आज सबसे ज्यादा जरूरत रोजगार की है। शिक्षा के तीन उपदेश ज्ञान, कौशल और संस्कार हैं। शिक्षा के साथ आज रोजगार की जरूरत है। सीएम चौहान ने दुकान टाइप आईटीआई बंद करने की बात कहते हुए कहा कि बेकार आईटीआई बंद किए जाएंगे। पुरानी लीक पर काम करने से हटना होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि लानत है, ऐसी इंजीनियरिंग की शिक्षा पर जब छोटी-छोटी नौकरी के लिए इंजीनियर लाइन लगाकर खड़े हो जाते हैं। जनसंख्या में हर साल हम एक आस्ट्रेलिया बना लेते हैं। एक तरफ बेरोजगारों की फौज है तो दूसरी तरफ स्किल लोगों की कमी है। हम अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर स्टूडेंट को ट्रेनिंग देंगे। मुख्यमंत्री चौहान ने ये बातें आज प्रशासन अकादमी में स्किल पार्क के शिलान्यास और ग्लोबल कंसल्टेशन आॅन स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम में कहीं। उन्होंने कहा कि मैं आईटीआई, मेडिकल और इंजीनियरिंग तीनों को बराबर महत्व दूंगा। सीएम ने कहा कि तीन साल में नहीं बल्कि पहले बिल्डिंग बनना चाहिए। पीआईयू अच्छा काम कर रहा है, उसे इसके लिए बुलाए।
श्रीकांत ने की शिवराज और जोशी की तारीफ
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत ने कहा कि पहले देश के मेट्रो सिटीज में ही टैलेंट दिखता था पर अब छोटे कस्बों से निकलकर आ रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और कौशल विकास मंत्री दीपक जोशी ने अच्छा काम किया है।
एरोस्ट्रोक के चीफ हैं पूर्व क्रिकेटर श्रीकांत
पूर्व क्रिकेटर श्रीकांत एरोस्ट्रोक कंपनी के चीफ हैं। उन्होंने कहा कि इंग्लिश और पर्सनालिटी डेवलपमेंट में ट्रेनिंग की जरूरत है। इस दौरान मंत्री जोशी ने कहा कि क्रिकेटर श्रीकांत की तरह हमारे मुख्यमंत्री चौहान भी रोज रिकार्ड बना रहे हैं। इस दौरान स्किल पार्क में सपोर्ट करने वाली सिंगापुर की कम्पनी और एमपी सरकार के बीच एक एमओयू भी साइन किया गया।
645 करोड़ से 37 एकड़ में बनेगा पार्क
राजधानी के नरेला शंकरी और गोविन्दपुरा इलाके में बनने वाले इस स्किल पार्क की लागत 645 करोड़ रुपए होगी। यह 37 एकड़ में बनेगा। पार्क तैयार होने के बाद हर साल यहां 10 हजार युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा, जिसमें विश्वस्तर के प्रशिक्षक ट्रेनिंग देंगे। इसे इंडस्ट्री के साथ इंडस्ट्री के लिए की भावना से संचालित किए जाने का फैसला लिया गया है। यहां प्रशिक्षण लेने वालों का प्लेसमेंट भारत और देश के बाहर इंटरनेशनल लेवल पर कराया जाएगा।
देश में सिर्फ 7% इंजीनियर को रोजगार: केंद्रीय मंत्री रूडी
केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि जैसा इंस्टीट्यूट सिंगापुर में है, वैसा ही यहां बन रहा है। अगले 15 अगस्त तक भवन का निर्माण हो जाएगा। पहले इसके लिए 3 साल की अवधि तय की गई थी। उन्होंने कहा कि आईटीआई का मतलब इलेक्ट्रिशियन या फिटर था, अब बदलाव शुरू हुआ है। देश में इंजीनिरिंग के सिर्फ 7 फीसदी स्टूडेंट को रोजगार मिल रहा है। एमपी सरकार पहली सरकार है जिसने भारत सरकार से मिलने वाली सारी सुविधाओं को एकजाई किया है।
रूडी ने ली चुटकी, सीएम ने कहा स्वागत
केंद्रीय मंत्री रूड़ी ने मजाकिया लहजे में कहा कि एमपी में मेरा बार-बार आना हो रहा है। मुख्यमंत्री जी ऐसा न हो, कि मेरी रुचि यहीं बढ़ जाए। इस पर सीएम चौहान ने कहा कि रूड़ी जी आप यहां बार-बार आएं, आपका स्वागत है। यह विश्वास है कि आप जब भी आएंगे तो कुछ न कुछ लेकर आएंगे।
स्किल पार्क का शिलान्यास : प्रशासन अकादमी में स्किल पार्क के शिलान्यास और ग्लोबल कंसल्टेशन आॅन स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम का उद्घाटन करते मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कौशल विकास और उद्यमशीलता राजीव प्रताप रूडी, शिक्षा राज्य मंत्री दीपक जोशी, टीम इंडिया के पूर्व कप्तान कृष्णमाचारी श्रीकांत।

Post a Comment