जब जवानों के सम्मान में तालियों से गूंज उठा जम्मू एयरपोर्ट

पुनम पुरोहित मंथन न्यूज-देश की रक्षा के लिए सीमा पर तैनात जवान और आंतरिक सुरक्षा के लिए तैनात जवानों के प्रति सम्मान की एक और मिसाल देखने को मिली है. रविवार को जम्मू एयरपोर्ट पर पहुंचे CRPF के जवानों का यहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर अभिवादन किया. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एयरपोर्ट पर मौजूद लोग जवानों की हौसला अफजाई के लिए खड़े होकर तालियां बजाते नजर आ रहे हैं. जवान हर मोर्चे पर देश की सेवा के लिए विपरीत हालात में तैनात रहते हैं ऐसे में सही मायने में वह इस सम्मान के हकदार भी हैं.

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से भी बीती 18 अप्रैल को कुछ ऐसा ही वीडिया सामने आया था. वीडियो में सेना के जवान जैसे ही एयरपोर्ट पर कदम रखते हैं, वहां खड़े लोग तालियों से उनका स्वागत करने लगते हैं. जवानों ने भी खुशी से वहां मौजूद लोगों का धन्यवाद किया. इस वीडियो को मेजर गौरव आर्य ने अपने ट्वीटर हैंडल पर शेयर किया था.

पीएम मोदी ने की थी अपील

जांबाजों के लिए देशवासियों का यह आदर भाव प्रधानमंत्री की एक अपील से उभरा है. पिछले पिछले साल भोपाल में शौर्य स्मारक का उदघाटन करते वक्त पीएम मोदी ने सेना के जवानों को सम्मान देने की अपील की थी. उन्होंने कहा था कि विदेशों में जब भी लोग सेना के जवान रेलवे स्टेशन या एयरपोर्ट में देखते हैं तो उनके लिए खड़े होकर तालियां बजाएं.