इस बार राजस्थान की राज्यसभा सीटों से साफ हो जाएगी कांग्रेस

rajyasabhaseats 01 03 2018पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ -बड़े पैमाने पर क्राॅस वोटिंग नहीं होती है तो राजस्थान में 23 मार्च को होने वाले चुनाव के बाद राजस्थान की राज्यसभा सीटों से कांग्रेस पूरी तरह साफ हो जाएगी। राजस्थान की तीन राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है। इनमें से अभी दो पर कांग्रेस के नेता है और राजस्थान विधानसभा में भाजपा के पास इतना बहुमत है कि वह आसानी से तीनों सीटें जीत सकती है।
राजस्थान से राज्यसभा की दस सीटें है। इनमें से आठ पर अभी भाजपा का कब्जा है। दो सीटों पर कांग्रेस के नरेन्द्र बुढानिया और अभिषेक मनु सिंघवी निर्वाचित है। इन दोनों का ही कार्यकाल इस बार समाप्त हो रहा है। इनके साथ ही भाजपा के भूपेन्द्र यादव का कार्यकाल भी समाप्त हो जाएगा। राजस्थान विधानसभा में भाजपा के पास 159 सीटें है। जबकि तीनों सीटें जीतने के लिए 51-51 विधायकों का ही समर्थन चाहिए। जबकि कांग्रेस के पास 25 ही सीटें है। ऐसे में बड़े पैमाने पर क्राॅस वोटिंग नहीं होती तो भाजपा तीनों सीटों पर आसानी से जीत सकती है और सभी दस सीटों पर भाजपा का कब्जा हो जाएगा।
उपचुनाव नहीं हारती तो संसद में कांग्रेसमुक्त होता राजस्थान
पार्टी हाल में लोकसभा के दो उपचुनाव नही हारती तो राजस्थान से संसद में कांग्रेस का पूरी तरह सफाया हो सकता था, क्योंकि लोकसभा की सभी 25 सीटों पर पहले ही भाजपा का कब्जा था, लेकिन हाल में अजमेर और अलवर की लोकसभा सीटें कांग्रेस ने जीत लीं और भाजपा के पास 23 सीट ही रह गई।