त्रिपुरा विधानसभा चुनाव नतीजे LIVE: शुरुआती रुझानों में भाजपा और लेफ्ट में कड़ी टक्कर

tripura counting 201833 8540 03 03 2018पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़  -त्रिपुरा में 18 फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के बाद आज वोटों की गिनती जारी है। शुरुआती रुझानों में भाजपा और लेफ्ट के बीच कड़ी टक्कर नजर आ रही है। राज्य में पिछले दिनों विधानसभा की 59 सीटों के लिए मतदान के बाद आज राज्य की लेफ्ट सरकार की तकदीर का फैसला होगा। राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना शुरू हो चुकी है। एग्जिट पोल्स की माने तो राज्य में भाजपा मजबूती से उभरेगी और हो सकता है बहुमत भी पा ले। अगर ऐसा होता है तो देश में लेफ्ट की सरकार महज केरल में सिमटकर रह जाएगी।
वहीं दूसरी तरफ राज्य की पूर्व लेफ्ट सरकार के लिए अपना किला बचाने की चुनौती है। सीपीएम प्रत्याशी रामेंद्र नारायण के निधन के कारण चारीलाम विधानसभा सीट पर अब 12 मार्च को मतदान होगा। इस बार 23 महिलाओं सहित कुल 292 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।
18 फरवरी को हुई वोटिंग में इस राज्य में 91 फीसद मतदान हुआ। वाममोर्चा के गढ़ त्रिपुरा में इस बार सत्तारूढ़ वाममोर्चा को भाजपा से कड़ी चुनौती मिल रही है। कांग्रेस ने भी सभी सीटों पर अपने उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है। चुनाव प्रचार में इस बार भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
इससे पहले दो एक्जिट पोल के नतीजे बताते हैं कि त्रिपुरा में भाजपा सरकार बनने के पूरे आसार हैं। त्रिपुरा में पिछले 25 साल से वाम दलों की सरकार है, लेकिन इस बार राज्य में भाजपा आइपीएफटी के सहयोग से सरकार बना सकती है।
वाम गठबंधन सरकार के मुखिया माणिक सरकार को उम्मीद है कि जनता उन्हें पांचवीं बार राज्य की बागडोर सौंपेगी। अगर 1988 से 1993 तक कांग्रेस नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार को छोड़ दें तो त्रिपुरा में 1978 से लेकर अब तक वाम मोर्चा की सरकार है। वर्तमान मुख्यमंत्री माणिक सरकार 1998 से सत्ता में हैं।