मंथन ऩ्यूज होशंगाबाद विधानसभा अध्यक्ष श्री सीतासरन शर्मा एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने वृक्षारोपण महा-अभियान में होशंगाबाद जिले के मालाखेड़ी तथा बांद्राभान में पौधारोपण किया।
विधानसभा अध्यक्ष श्री शर्मा ने पौधारोपण के पश्चात उपस्थित जन-समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि माँ नर्मदा की धारा अविरल करने के लिये और भावी पीढ़ी तथा पर्यावरण की सुरक्षा के लिये वृक्षारोपण आवश्यक है। नर्मदा सेवा यात्रा में हम सब ने वृक्षारोपण का संकल्प लिया था, जिसके क्रियान्वयन में आज प्रदेश में 6 करोड़ पौधे रोपित किये जा रहे हैं। इसके लिये मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान बधाई के पात्र हैं।
उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने इस अवसर पर कहा कि नर्मदा सेवा यात्रा प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण का सबसे बड़ा अभियान था। विश्व भर में इसकी सराहना हुई है। इसी अभियान का दूसरा चरण वृक्षारोपण है।
वृक्षारोपण का महाअभियान होशंगाबाद जिले में पूरे उत्साह से संचालित किया गया। शहर हो या गाँव, खेत हो या मैदान, हर ओर पौधरोपण की धूम रही। लोगों ने नर्मदा नदी की पूजा अर्चना करके प्रात: काल से ही वृक्षारोपण आरंभ कर दिया। इस अभियान में श्री सुहास भगत तथा खनिज विकास निगम के अध्यक्ष श्री शिव चौबे ने केसला, बडी पहाडी होशंगाबाद, मालाखेड़ी एवं नर्मदा तट बान्द्राभान में वृक्षारोपण किया। पूरे जिले मे नोडल अधिकारियों की देखरेख में बड़ी संख्या में लोगों ने स्व-प्रेरणा से वृक्षारोपण किया।

Post a Comment