मंथन ऩ्यूज दिल्ली भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि वस्तु एवं सर्विस टैक्स (जीएसटी) की नयी कर प्रणाली से देश के आर्थिक विकास में इजाफा होगा। इससे 'इंस्पेक्टर राज' भी खत्म होगा। इससे भारत को बड़े वैश्विक देशों में शुमार होने में मदद मिलेगी।
जीएसटी को पूरे देश में शुक्रवार को मध्यरात्रि में लागू किया गया है। दो दिन की यात्रा पर एक रैली में शामिल होने के लिए पणजी के पास डाबोलिम एयरपोर्ट पहुंच कर अमित शाह ने शनिवार को कहा कि जीएसटी लागू होने से 17 प्रकार के कर खत्म हो गए हैं। इन खत्म किए गए करों के स्थान पर पूरे देश में एक कर प्रणाली लागू कर दी गई है।
इससे कारोबारियों और छोटे व्यापारियों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि जीएसटी को लागू करने में कुछ समस्याएं आ सकती हैं लेकिन इनका भी समाधान हो जाएगा। लेकिन इस नयी कर प्रणाली से देश की अर्थव्यवस्था के विकास की रफ्तार बढ़ेगी। इससे देश में वैश्विक नेतृत्व की क्षमता आएगी। इससे कुछ कर संबंधी कानूनों का भी खात्मा होगा।
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीएसटी के लागू करने पर उन्होंने कहा कि मध्य रात्रि में भारत ने स्वतंत्रता दिवस से लेकर अब तक देश का सबसे बड़ा कर सुधार लागू किया है। हमने एक देश एक कर के सपने को साकार किया है। जब से मोदी सत्ता में आए हैं, वह हरेक क्षेत्र में नए चीजों को ला रहे हैं।
एयरपोर्ट पहुंचने पर शाह का पार्टी के 2500 कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रीकर समेत उनके कई मंत्रियों और पार्टी नेताओं ने शाह की अगवानी की। इस यात्रा के दौरान अमित शाह ने गठबंधन के घटक दलों से भी बातचीत की। पणजी में पार्टी और घटक दलों के विधायकों से मुलाकात के अलावा उन्होंने उद्योगपतियों, होटल मालिकों, चाटर्ड एकाउंटेंटों और चिकित्सकों को भी संबोधित किया।

Post a Comment