संविदा कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर, मुख्यमंत्री ने कहा जल्द किए जाएंगे नियमित

शहडोल- संविदा कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है, पिछले कुछ समय से संविदा कर्मचारी लगातार नियमितीकरण की मांग को लेकर आवाज उठा रहे हैं। जिस पर अब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी कह दिया है कि संविदा कर्मचारी जल्द ही नियमित कर दिए जाएंगे।

संविदा कर्मचारियों को किया जाएगा नियमित 
दरअसल अभी हाल ही में राज्य स्तरीय बैगा सम्मेलन शहडोल के लालपुर में हुआ, जहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल हुए। जिसके बाद रात्रि को विश्राम भी धनपुरी में एसईसीएम गेस्ट हाउस में किया। और वहीं शनिवार को सुबह-सुबह पत्रकार वार्ता के दौरान संविदा कर्मचारियों के लिए बड़ी बात कही।

नियमितीकरण की मांग को लेकर संविदा कर्मचारियों द्वारा की जा रही हड़ताल और आन्दोलन को लेकर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने संविदा कर्मचारियों के पक्ष में बड़ी घोषणा पत्रकार वार्ता के दौरान की,मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जल्द ही सभी विभागों में संविदा कर्मचारियों को नियमित किया जाएगा और संविदा कर्मचारी पद समाप्त किया जाएगा। उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि संविदा व्यवस्था के खिलाफ मैं स्वयं हूं, यह शोषण करने वाली व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि संविदा कर्मचारी एक तरफ आन्दोलन भी कर रहे हैं, और दूसरी तरफ नियमितीकरण की मांग कर आंदोलन कर रहे हैं। संविदा कर्मचारियों को आन्दोलन समाप्त कर बात करनी चाहिए। जल्द ही उनके लिए फैसला लिया जाएगा।

अशिक्षा के अंधकार को मिटाने के होंगे प्रयास 
सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि अशिक्षा के अंधकार को मिटाने के लिए प्रदेश में हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज में अभी भी लोगों में अशिक्षा है इसे दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। आदिवासी छात्र-छात्राओं को सभी प्रकार की शैक्षणिक सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है ताकि वे पढ़ लिखकर आगे बढ़ सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में कोई भी अधिकारी-कर्मचारी पदोन्नति के लाभ से वंचित न रहे इसको दृष्टिगत रखते हुए सेवानिवृत्ति की आयु को 60 से 62 वर्ष किया गया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की वर्तमान सरकार ने कर्मचारी कल्याण के लिए काफी कुछ कार्य किया है तथा कर्मचारियों के हित में काफी कुछ करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

अतिथि शिक्षकों के लिए भी बोले सीएम 
उन्होंने कहा कि अतिथि शिक्षकों को उनके परिश्रम का लाभ मिले इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के सभी बैगा परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जाएंगे तथा उन्हें सभी प्रकार की शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।