म.प्र में भाजपा को सत्ता से बेदखल गठबंधन का विकल्प खुला रखेगी-अखिलेश यादव

akhilesh yadav mp 29 04 2018मंथन न्यूज़ भोपाल -मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में सर्वे शुरू करा दिया है। प्रदेश के सभी 51 जिलों में उत्तरप्रदेश के नेताओं को पर्यवेक्षक बनाकर भेजा जा रहा है। 1 से 7 मई तक ये नेता मैदानी स्तर पर पार्टी की स्थितियों का आकलन करेंगे।
सपा के लखनऊ केन्द्रीय कार्यालय ने मप्र के सभी जिलों में उप्र के नेताओं को प्रभारी बनाया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इन सभी प्रभारियों को 1 से 7 मई तक हर जिले के अंतर्गत आने वाली विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की जमीनी हकीकत की रिपोर्ट तलब की है। ये सभी प्रभारी स्थानीय नेताओं और समाज के सभी वर्गों से बातचीत कर अपनी रिपोर्ट तैयार करेंगे।
सपा के प्रदेश अध्यक्ष गौरी सिंह यादव ने बताया कि सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों की रिपोर्ट आने के बाद पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ बैठक में अगली रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बसपा से गठबंधन पर चर्चा चल रही है। कांग्रेस से अभी इस बारे में कोई बात नहीं हुई।
यादव ने बताया कि भाजपा को सत्ता से बेदखल करने सपा समान विचार वाले सभी दलों से गठबंधन का विकल्प खुला रखेगी। उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी सभी सीटों पर पूरी ताकत से चुनाव की तैयारी कर रही है। इसके बाद सपा विधानसभा चुनाव की रणनीति पर काम करेगी।