कांग्रेस विधायक के खिलाफ FIR, हाई कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ केस

मंथन न्यूज़भोपाल  मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस ने कांग्रेस विधायक कमलेश्वर पटेल के खिलाफ शुक्रवार को एफआईआर दर्ज कर ली है. पुलिस ने हाईकोर्ट के निर्देश के बाद कांग्रेस विधायक के खिलाफ केस दर्ज किया है.

एसपी साउथ सिद्धार्थ बहुगुणा ने बताया कि पिछले दिनों मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने सीधी के सिंहावल से कांग्रेस विधायक कमलेश्वर पटेल के खिलाफ गलत दस्तावेज तैयार करने और अन्य आपराधिक धाराओं के तहत आपराधिक प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिए थे. कोर्ट के आदेश के आधार पर विधायक के खिलाफ हबीबगंज थाने पर केस दर्ज किया गया है.

दरअसल, स्वरूप नारायण द्विवेदी की तरफ से हाईकोर्ट में दायर चुनाव याचिका में विधायक पटेल के निर्वाचन को चुनौती दी गई थी. कमलेश्वर पटेल इस मामले में नियत तारीख पर हाईकोर्ट के समक्ष प्रस्तुत नहीं हुए थे. अपने तर्क में कमलेश्वर पटेल ने कहा था कि वो भोपाल में व्यस्तता के चलते पेशी पर नहीं आ सके.

हालांकि, विधायक द्वारा पेश किए गए तथ्यों में असमानता पाए जाने पर कोर्ट ने भोपाल पुलिस को एफआईआर के निर्देश दिए थे, जिसके बाद अलग-अलग धाराओं में मामला पंजीबद्ध किया गया है. एसपी बहुगुणा का कहना है कि मामले में जांच के बाद पटेल पर कार्रवाई की जा सकती है.