नहीं आया सिंध का पानी, दोशियान हटाकर नगरीय प्रशासन विभाग या अन्य एजेंसी से पूरी कराएंगे योजना

मंथन न्यूज़ -शहर में पानी पहुंचाने में नाकाम रही दोशियान से अब मंत्री यशोधरा का विश्वास उठ गया है। बार-बार लाइन फूटने और शहर में पानी की सप्लाई देने में असफल रही दोशियान के कार्य को लेकर मंत्री ने शुक्रवार को फिल्टर प्लांट पर पहुंचने के बाद कलेक्ट्रेट में भाजपा सहित कांग्रेस पार्षदों की बैठक ली। बैठक में नपा उपाध्यक्ष अन्नी शर्मा भी शामिल हुए। इसमें उन्होंने साफ कर दिया कि अगले सप्लाह में यह तय हो जाएगा कि शहर में पानी कौन 






Image result for सिंध का पानी, ki photo
लाएगा। इसके लिए नगरीय प्रशासन के ईएनसी के अधिकारी सतीश राव शिवपुरी पहुंच चुुके हैं। दो-तीन में यह अधिकारी अपनी फाइनल रिपोर्ट देंगे। इसके बाद भोपाल में बैठक कर निर्णय ले लिया जाएगा कि योजना पर काम दोशियान करेगी या फिर नगरीय प्रशासन अथवा कोई और एजेंसी। कलेक्ट्रेट की बैठक में दोशियान के प्रबंधक महेश मिश्रा एक बार फिर कहते नजर आए कि लाइन में एयर की वजह से परेशानी आ रही है और सतनवाड़ा से शिवपुरी के बीच कुछ और स्थानों पर एयर वाल्व लगाए जाएंगे। इसके बाद सभी समस्याएं खत्म होने की उम्मीद है, लेकिन मंत्री मिश्रा के इस बयान से संतुष्ट नजर नहीं आईं। कलेक्टर राठी ने भी यही कहा कि चार दिन से कंपनी यही बात कह रही है और लग रहा है कि अब कमी कहां है, यह बात खुद दोशियान को नहीं मालूम।
अभी आंदोलन का नहीं, बल्कि योजना को पूरा करने पर फोकस का समय
मंत्री ने योजना की लेटलतीफी को लेकर एक बार फिर 9 अप्रैल से अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी दे चुकी पब्लिक पार्लियामेंट और जलक्रांति के निर्णय पर कहा कि जनता की परेशानी से हम सब वाकिफ हैं। अभी प्राथमिकता ये है कि किस तरह जल्द से जल्द पानी शिवपुरी आए। ऐसे में दबाव बनाने के लिए आंदोलन होने से सही निर्णय लेने में परेशानी आएगी। इसलिए हम सब मिलकर समझाएं कि अभी आंदोलन का वक्त नहीं है, क्योंकि जल्दबाजी में लिए गए निर्णय ठीक नहीं रहते।
दोशियान की बैंक गारंटी भी वापस लेने की तैयारी
योजना में लगातार सामने आ रही खामियों के बाद दोशियान को योजना से अलग करने की बात को मंत्री ने उस बयान से और बल दे दिया। इसमें उन्होंने साफ कर दिया कि जल्द ही दोशियान की बैंक गारंटी भी वापस ले ली जाएगी।
नहीं बिछाई इंसुलेटेड लाइन, निरस्त हो सकती है परमिशन
दोशियान की एक और बड़ी लापरवाही सामने आई है। नपा के अधिकारियों ने मंत्री से शिकायत दर्ज कराई कि सतनवाड़ा से डैम तक वन क्षेत्र में बिजली की लाइन बिछाने की अनुमति वन विभाग ने इस शर्त पर दी थी कि ये लाइन इंसुलेटेड हो, ताकि फॉल्ट होने पर वन क्षेत्र में आग न लगे, लेकिन दोशियान ने अब तक जो लाइन बिछाई है, वह इंसुलेटेड नहीं है। ऐसे में वन महकमा कभी भी दी गई अनुमति को शर्तों के उल्लंघन के चलते समाप्त कर सकता है।
50 साल तक चलेंगी सड़कें
मंत्री ने टोंगरा पाली सड़क का लोकार्पण करते हुए कहा कि इस रोड सहित शहर में जो सड़कें बिछाई गई हैं, उनकी गुणवत्ता ऐसी है कि वे अगले 50 साल तक कायम रहेंगी। मंत्री ने ये भी कहा कि मैं रहूं या न रहूं, ये सड़कें रहेंगी।
महिला सेना रखे सड़कों की स्वच्छता का ख्याल
मंत्री यशोधरा ने सड़क के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं से कहा कि महिलाएं घर की साफ सफाई अच्छे से रखती हैं। ऐसे में वह घरों के साथ-साथ अपने घर की सड़कों के बाहर भी सफाई का ध्यान रखें, जिससे सड़कें साफ और स्वच्छ रहें। उन्होंने कहा कि सड़क पर ट्रैक्टर ट्रॉली, ट्रक, बस नहीं खड़ी करें, साथ ही नवनिर्मित मकानों के लिए आने वाली रेत, गिट्टी व ईंट भी सड़कों पर न डलवाएं। मंत्री ने कहा कि वे वोट नहीं मांग रहीं, बल्कि सड़कों को साफ और स्वच्छ रखने का वादा मांग रही हूं।
ग्वालियर से गुना बायपास तक बनेगी फोरलेन
मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि माधव राव सिंधिया मार्ग का निर्माण शुरू हो गया है। यह सड़क भी मजबूत और गुणवत्तापूर्ण बनेगी। मंत्री ने कहा कि इस सड़क के निर्माण के बाद ग्वालियर से गुना बायपास तक की सड़क का निर्माण किया जाएगा। यह सड़क फोरलेन बनेगी, दो लेन आने के लिए और दो लेन जाने के लिए बनेगी। मंत्री ने कहा कि उन्होंने अपने प्रयासों से शहर में 39 सड़कों का निर्माण कराया है। इसके लिए उन्होंने भोपाल में अधिकारियों के साथ मशक्कत कर पैसा लेकर आई थीं, तब जाकर इन सड़कों का निर्माण हुआ है। उन्होंने कहा कि लोनिवि की सड़कें चौड़ी हैं, जबकि नपा की सड़कें संकरी हैं।
मंत्री बोलीं-चिंता न करें, पानी के लिए आपकी आशाओं पर खरी उतरूंगी
मंत्री ने कहा कि पानी की दिक्कत है और वह जनता को विश्वास दिलाती हैं कि वह उनकी आशाओं पर खरी उतरेंगी। पानी की योजना को लेकर 11 साल पूरे हो गए हैं, लेकिन जनता को पानी नहीं मिल पा रहा है।
मैंने तुम्हारे घर नहीं टूटने दिए, तुम धन्यवाद तक देने नहीं आईं
मंत्री शाम को फिजिकल कॉलेज के समीप अतिक्रमण में बसी बस्ती में पहुंचीं। यहां वे महिलाओं से रूबरू हुईं। इस दौरान मंत्री ने महिलाओं को याद दिलाया कि जब कॉलेज की बाउंड्री हो रही थी और कॉलेज की जमीन में अतिक्रमण कर बनाए गए तुम लोगों के घरों को तोड़ने की बारी आई तो हमने तत्समय तुम्हारे घरों को छोड़कर बाउंड्री बनाने का निर्णय लिया, ताकि कोई बेघर न हो, लेकिन घर बचने के बाद आप लोग कम से कम एक बार मुझे धन्यवाद देने तो आ जातीं।