मंथन न्यूज़ नई दिल्ली : मोदी सरकार के तीन साल पूरे होने पर गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने दावा किया कि आंतरिक सुरक्षा को लेकर देश में पहले के मुकाबले हालात बेहतर हुए हैं. सिंह ने कहा कि जहां कश्मीर में हालात पहले के मुकाबले बेहतर हुए हैं वहीं सरकार नक्सल समस्या को नियंत्रित करने में सफल रही है.
दिल्ली स्थित राष्ट्रीय मीडिया सेंटर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में गृह मंत्री ने अपने मंत्रालय के तीन साल के कामकाज का लेखाजोखा पेश करते हुए कहा कि देश के विभिन्न हिस्सों में नक्सली हिंसा की घटनाओं को नियंत्रित करने के लिए रणनीति अपनायी गयी है जिसके परिणामस्वरूप नक्सली हिंसा की घटनाओं में 25 प्रतिशत की कमी आयी है.
गृहमंत्री ने अपने बयान में सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि आईएसआईएस को भारत में घुसने से मोदी सरकार ने हर तरफ से लगाम लगाकर रखी है. उनके मुताबिक भारत ने आईएसआईएस के करीब 90 आतंकियों को धर-दबोचा है. उन्होंने कहा कि नक्सलियों के खात्मे में 60 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। नक्सल प्रभावित राज्यों के लिए नयी रणनीति अपनायी गयी है, जो प्रभावी साबित हुई है.
कश्मीर में आतंकियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई पर राजनाथ ने कहा कि पिछले तीन सालों में सुरक्षाबलों ने 368 आतंकियों को मार गिराया है. हालांकि ये अजब संयोग रहा कि जिस समय गृहमंत्री कश्मीर में आतंकियों की मौत का हिसाब किताब दे रहे थे तभी घाटी में सेना के काफिले पर आतंकियों ने हमला कर दिया. जिसमें एक जवान के शहीद होने के साथ ही पांच छह जवानों के गंभीर घायल होने की खबर आई.

Post a Comment