कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष पद पर पंडित जवाहर लाल नेहरू से लेकर के कामराज तक एक से एक दिग्गज नेता रहे हैं. राहुल गांधी की मां सोनिया गांधी सबसे लंबे समय तक लगभग 19 वर्ष कांग्रेस अध्यक्ष रहीं और उनके नेतृत्व में कांग्रेस दो बार सत्ता में आयी. अब ऐसी ही उम्मीद पार्टी नेता राहुल गांधी से लगाये हुए हैं. राहुल गांधी के अध्यक्ष बनने से उत्साहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने कहा है कि 2019 में हम नरेंद्र मोदी को चुनाव हरायेंगे, उन्होंने कहा कि मोदी को हराना बायें हाथ का खेल है. वे मात्र 30-31 प्रतिशत वोट लेकर सत्ता में आये हैं, अगर बाकी 70-75 प्रतिशत वोट को हम एकजुट कर लेंगे तो इन्हें सरकार से बाहर कर देंगे. अय्यर ने शहजाद पूनावाला के सवाल पर कहा है कि अब से पहले कोई उन्हें जानता था और चुनाव लड़ना चाहते हैं तो आकर नामांकन करें.
वहीं, शहजाद पूनावाला ने कहा है कि मेरे सोर्स मुझे बता रहे हैं कि दरबारियों में बात चल रही है कि एक डमी उम्मीदवार उतारा जाये ताकि यह इलेक्शन लगे, लेकिन अब लोगों की आंखों में धूल नहीं झोंक सकते.
वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह ने कहा है कि राहुल गांधी कांग्रेस को प्रिय हैं और वे पार्टी की महान परंपरा को आगे ले जायेंगे.
मणिशंकर अय्यर ने सवाल उठाया कि 2004 में कोई यह कहता था कि कांग्रेस महान व्यक्तित्व वाले अटल बिहारी वाजपेयी को चुनाव हरायेगी, लेकिन हमलोगों ने हराया. उन्होंने कहा कि जब हम वाजपेयी को हरा सकते हैं तो मोदी को तो उनकी तुलना में हराना अधिक आसान है.
वहीं, राहुल गांधी के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पर पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि वे अच्छे प्रधानमंत्री साबित होंगे. पी चिदंबरम ने ट्वीट कर कहा है कि राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में अपना बेहतरीन देने के लिए मैं उन्हें बधाई देता हूं.
लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खडगे ने कहा है कि सबकी शुभकामनाएं उनके साथ हैं, उन्होंने कहा कि उनके अध्यक्ष बनने से देश में नया माहौल आयेगा. खडगे ने कहा कि उपाध्यक्ष के रूप में उनके कामकाज से दलितों, गरीबों, पिछड़ों में आसा जगी है कि उनके नेतृत्व में अच्छा काम होगा. उनके नेतृत्व में पार्टी और मजबूत होगी

Post a Comment