मजदूर योजना वोट बढ़ाएगी, पूरी ताकत झोंक दें : शिवराज

मंथन न्यूज़ भोपाल -असंगठित श्रमिकों के लिए लागू की गई योजना को लेकर सरकार बेहद गंभीर है। इसका अंदाजा इस बात से ही लगाया जा सकता है कि दो घंटे चली अनौपचारिक कैबिनेट में लगभग पौन घंटे इसी योजना पर चर्चा होती रही। मंत्रियों ने भी ढेरों सुझाव रखे तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मजदूर योजना वोट बढ़ाएगी। सभी मंत्री पूरी ताकत इस योजना को सफल बनाने में झोंक दें।
वहीं, गेहूं खरीदी को लेकर मंत्रियों ने खरीदी केंद्र दूर होने का मुद्दा उठाया। बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव की अगुवाई में असंगठित श्रमिक योजना के क्रियान्वयन के लिए समिति बनाने का फैसला हुआ। इसमें नगरीय विकास मंत्री माया सिंह, स्वास्थ्य मंत्री रुस्तम सिंह और ऊर्जा मंत्री पारस जैन को शामिल किया गया।
shivraj meeting 12 04 2018कैबिनेट खत्म होने के बाद अधिकारियों को बाहर कर मंत्रियों के बीच अनौपचारिक चर्चा हुई। इस दौरान असंगठित श्रमिकों के पंजीयन और योजनाओं का लाभ देने के साथ गेहूं व अन्य फसलों के उपार्जन पर लंबी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि अभी तक योजना में 1 करोड़ 75 लाख श्रमिकों के पंजीयन हो चुके हैं। यह प्रदेश की अब तक की सबसे बड़ी हितग्राहीमूलक योजना है।
इसमें करीब 23 योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राही को मिलेगा। चुनाव में यह योजना गेम चेंजर साबित होगी। क्रियान्वयन में कोई चूक नहीं होनी चाहिए। वहीं, मंत्रियों ने कहा कि लाभांवित पंचायत स्तर पर होना है। जनपद और जिले में लोग न आएं, इसकी व्यवस्था करनी चाहिए। साथ ही तत्काल लाभ मिले, यह भी पुख्ता होना चाहिए।
कुछ मंत्रियों ने शहरी क्षेत्रों में पंजीयन की तारीख बढ़ाने की बात रखी तो मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे लाभार्थियों की संख्या बढ़ेगी। अभी पौने दो करोड़ से ज्यादा पंजीयन हो चुके हैं। बैठक में मंत्रियों से कहा गया कि वे प्रभार और गृह जिले में योजना पर ध्यान दें। एक भी पात्र व्यक्ति पंजीयन से वंचित न रहे।
खरीदी केंद्र दूर है, किसान परेशान हो रहे हैं
बैठक में गेहूं की खरीदी को लेकर भी बात की गई। उद्योग मंत्री राजेंद्र शुक्ल, ऊर्जा मंत्री पारस जैन सहित अन्य मंत्रियों ने खरीदी केंद्रों की दूरी का मुद्दा उठाया। शुक्ल ने कहा कि सायलो केंद्र पर खरीदी हो रही है। किसानों को 50 किलोमीटर दूर अनाज लाना पड़ रहा है। ऐसी व्यवस्था रहे कि 25 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी न रहे। मुख्यमंत्री ने बैठक में खाद्य मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे से इस मुद्दे को देखने के लिए कहा। वहीं, सभी मंत्रियों से कहा कि वे गृह और प्रभार के जिले में खरीदी के काम की निगरानी करें। इस दौरान कहा गया कि लहसुन की कुछ किस्मों में दाम अच्छे तो कुछ में कम मिल रहे हैं। इसके मद्देनजर भावांतर योजना में एक निश्चित राशि देने की व्यवस्था की जानी चाहिए।
समय पर बंटे पट्टे और वैध हो कॉलोनियां
सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री ने राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता से कहा कि प्रदेशभर में आवासीय पट्टे देने का अभियान चल रहा है। यह काम समयसीमा में पूरा होना चाहिए। इसी तरह नगरीय विकास एवं आवास मंत्री माया सिंह कहा कि अवैध कॉलोनियों को वैध करने का काम भी तयशुदा अवधि में पूरा होना चाहिए। वनमंत्री डॉ. गौरीशंकर शेजवार से चरण पादुका और कुप्पी वितरण कार्यक्रम को लेकर बात की गई।
विधायक निकालेंगे विकासयात्रा
बैठक में तय किया गया कि विधायक अपने क्षेत्रों में अगले माह से विकास यात्रा निकालेंगे। जनसंपर्क मंत्री डॉ.नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि यात्रा के दौरान शिलान्यास और लोकार्पण के काम होंगे। साथ ही सरकार द्वारा किए गए विकास के काम जनता को बताए जाएंगे। इस साल 600 समूह नलजल योजना, 700 सड़क और 400 पुल बनाए जाएंगे। इनका भी भूमिपूजन होगा।