यदि लिखित परीक्षा में हुई ये चूक तो नहीं बन पाएंगे पुलिस में दारोगा, पढ़ें पूरी खबर

यदि लिखित परीक्षा में हुई ये चूक तो नहीं बन पाएंगे बिहार पुलिस में दारोगा, पढ़ें पूरी खबरपूनम पुरोहित मंथन न्यूज़  दिल्ली - बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा दारोगा के 1717 पदों के लिए प्रारंभिक लिखित परीक्षा 11 मार्च को दो पालियों में होगी। आयोग के अनुसार ओएमआर शीट से छेड़खानी या गोला भरने में त्रुटि की स्थिति में कंप्यूटर शीट को रिजेक्ट भी कर सकता है। ओएमआर शीट पर व्हाइटनर, ब्लेड आदि से छेड़खानी नुकसानदायक होगी।
जवाब देने के लिए केवल काले और नीले बॉल प्वाइंट पेन से ही गोला पूरी तरह से भरना है। सही निशान वाले जवाब स्वीकार नहीं किए जाएंगे। एक बार उत्तर अंकित करने के बाद उसे बदला नहीं जा सकेगा। दोबारा अंकित करने या मिटाने पर उत्तर गलत माना जाएगा। कंप्यूटर उसे गलत उत्तर की तरह प्रोसेस करेगा।
आवेदन में दर्ज पहचानपत्र के साथ पहुंचे केंद्र
फोटो पहचान पत्र के बिना परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। आयोग के अनुसार वही पहचान पत्र केंद्र पर लेकर आएं जिसका विवरण आवेदन पत्र में दिया गया है। केंद्र में रिपोर्टिंग टाइम के बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी। किसी अन्य व्यक्ति को अपने स्थान पर परीक्षा में बैठाने, फर्जी नाम से परीक्षा में शामिल होने, कदाचार, धोखाधड़ी आदि मामले में आरोपित पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
लिखित सामग्री मिलने पर पात्रता रद होगी
परीक्षा केंद्र में किसी भी तरह की लिखित सामग्री, प्रवेशपत्र पर कोई लेख, सादा कागज, क्लिपबोर्ड, स्लाइड रूल, कैलकुलेटर, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ उपकरण, डिजिटल डायरी, पाम टाप, पीडीए या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण आदि लाना वर्जित है। परीक्षा के दौरान इसके साथ पकड़े जाने पर अभ्यर्थियों को निष्कासित कर उनकी पात्रता रद कर दी जाएगी।
4.5 लाख अभ्यर्थी दो पालियों में देंगे परीक्षा
प्रारंभिक लिखित परीक्षा 11 मार्च को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी एक ही पाली की परीक्षा में शामिल होंगे। केंद्र पर रिपोर्टिंग टाइम परीक्षा प्रारंभ होने से डेढ़ घंटा पहले है। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10:00 बजे और दूसरी पाली की दोपहर 2:00 बजे से प्रारंभ होगी।
दो घंटे में सामान्य ज्ञान और समसामयिक  मुद्दों से संबंधित दो-दो अंक के 100 बहुविकल्प वाले वस्तुनिष्ठ प्रश्नों को हल करना होगा। इसमें 30 फीसद से कम अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे। मुख्य परीक्षा के लिए रिक्त पदों से 20 गुना अभ्यर्थी शामिल होंगे। 
पटना में जहानाबाद, कैमूर और अररिया के केंद्र
प्रारंभिक लिखित परीक्षा के लिए सूबे में 372 केंद्र बनाए गए हैं। जहानावाद, कैमूर और अररिया के अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र पटना में शिफ्ट कर दिया गया है। इन जिलों के लगभग 24,000 अभ्यर्थी दूसरी पाली की परीक्षा में शामिल होंगे।