कर्नाटक के ‘रण’ में सीएम योगी, बढ़ी कांग्रेस की बेचैनी

कर्नाटक के ‘रण’ में सीएम योगी, बढ़ी कांग्रेस की बेचैनी   पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ लखनऊ -गुजरात और त्रिपुरा में बीजेपी की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की डिमांड कर्नाटक में भी बढ़ गई है. इसी साल कर्नाटक में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सीएम योगी भी स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शामिल है. इसी क्रम में मंगलवार को वे कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे. मुख्यमंत्री एक दिन में तीन रैलियों को संबोधित करेंगे. सीएम योगी आदित्यनाथ के कर्नाटक दौरे से कांग्रेसी खेमे में बेचैनी भी बढ़ गई है. दरअसल सत्तारूढ़ कांग्रेस को डर है कि सीएम योगी हिंदू वोटरों का ध्रुवीकरण करने में सफल हो सकते हैं.

ऐसा इसलिए भी है क्योंकि मुख्यमंत्री गुजरात और हाल ही में हुए त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में ऐसा कर चुके हैं. दोनों ही जगह योगी की भगवा छवि पार्टी के लिए हिंदू वोट को एकजुट करने में सफल रही है.

त्रिपुरा में पहली बार कमल खिलने के पीछे यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की भी अहम भूमिका है. योगी उस नाथ संप्रदाय के सर्वेसर्वा हैं जिनको मानने वाले त्रिपुरा में भारी संख्या में हैं. बीजेपी ने सीएम योगी की इस छवि का भुनाने के लिए उन्हें मैदान में उतारा और उसका परिणाम भी दिखा. शून्य सीटों वाली पार्टी 43 सीट जीत कर सत्ता में आ गई. इसी तरह गुजरात चुनाव में भी सीएम योगी के कट्टर हिंदुत्व छवि को भुनाने के लिए पार्टी ने उन्हें स्टार प्रचारक के तौर पर लांच किया था. यही नहीं केरल में 'लाल आतंक' के खिलाफ भी बीजेपी के लिए योगी मुख्य चेहरा हैं. अब कर्नाटक में योगी एक बार फिर बड़ी भूमिका निभाने जा रहे हैं.

दरअसल, योगी आदित्यनाथ बीजेपी के पहले से भगवा स्टार प्रचारक हैं. वह हिंदुत्व का चेहरा हैं. ऐसे में हिंदू वोटरों को लुभाने के लिए योगी आदित्यनाथ बीजेपी के लिए चुनावों में हमेशा ही मुफीद रहे हैं. अब योगी देश के सबसे बड़े सूब के सीएम हैं, ऐसे में उनकी लोकप्रियता और बढ़ी है और बीजेपी इन चुनावों में इसी लोकप्रियता को भुनाते हुए सभी राज्यों की सत्ता में आने की तैयारी में है.

कर्नाटक में भी पार्टी सीएम योगी के हिंदुत्व वाली छवि के सहारे सत्ता में वापसी की कोशिश में है. यही वजह है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पार्टी के लिए प्रचार करने कर्नाटक जा रहे हैं