सीएम योगी के दिखे तीखे तेवर, कहा- देश तोड़ने वाले को हम तोड़ देंगे

पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ लखनऊ - उत्तरप्रदेश विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष के बयान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के तीखे तेवर नजर आए।
yogi adityanath 06 03 2018योगी ने कहा, 'भारत अखंड है और अखंड रहेगा। भारत नहीं टूटेगा लेकिन, भारत को तोड़ने वालों को हम जरूर तोड़ देंगे। समाजवादी पार्टी अपनी सोच को अपनी पार्टी तक ही रखे, उसकी देश तोड़ने वाली सोच हम बर्दाश्त नहीं करेंगे।'
मंगलवार को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी ने राज्यपाल के अभिभाषण पर बोलते हुए सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कासगंज की Rघटना का जिक्र करते हुए कहा, 'देश अगर कभी बंटेगा तो भाजपा की गलत नीतियों से बंटेगा और इसकी शुरुआत हो गई है।' चौधरी की इस बात पर आक्रामक योगी ने सपा पर हमलों की बौछार कर दी। चौधरी ने कहा, 'समाजवादियों ने ही आजादी दिलवाई है। तब आप लोग अंग्रेजों की दलाली कर रहे थे।' चौधरी करीब पौने दो घंटा बोले, जबकि जवाब में योगी भी एक घंटा 35 मिनट बोले।
योगी को कर्नाटक जाना था, लेकिन, इस रौ में वह अपना कार्यक्रम भी भूल गए। नेता प्रतिपक्ष और नेता सदन के भाषण के बीच कई बार तल्ख स्थिति हुई। कभी सत्ता पक्ष तो कभी विपक्ष के सदस्य बीच-बीच में टोका-टाकी करते दिखे। विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित को बार-बार हस्तक्षेप करना पड़ा।
योगी का कहना था कि अगर आप बोलते हैं, तो सुनने की भी क्षमता रखिये। यह भी कहा कि आप भाजपा पर टिप्पणी कर रहे हैं तो यह भी सोचिये कि पूर्वोत्तर के राज्यों में भी भाजपा की सरकार बनी है।
मैं हिदू हूं, ईद नहीं मनाता: योगी आदित्यनाथ
नेता प्रतिपक्ष के सवाल का जवाब देते हुए योगी ने कहा कि 'मैं हिदू हूं और मैं ईद नहीं मनाता। हां, शांति से ईद मनाने वालों को हम सुरक्षा जरूर देंगे।' मुख्यमंत्री ने कहा कि 'मैं घर में जनेऊ पहनकर और बाहर टोपी लगाकर घुटने टेककर पाखंड करने वालों में नहीं हूं। मैं आगरा गया तो आप लोगों को बुरा लग गया कि ताजमहल क्यों चला गया। क्यों,उसे आप लोग अपना पेटेंट मानते हैं। हम उसे पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने जा रहे हैं।' कहा कि मैं अयोध्या गया था। मुझे इसका गर्व है। मैं मथुरा गया, चित्रकूट गया। आप लोगों ने थानों में जन्माष्टमी बंद करा दी थी, हमने उसे शुरू कराया। इस बात का भी गर्व है।'
'यूपी में लाल टोपी डुबो देंगे'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि त्रिपुरा में हमने लाल झंडे को डुबो दिया है और उत्तर प्रदेश में लाल टोपी को डुबो देंगे। यह केसरिया का समय है, जो विकास का प्रतीक है। चौधरी ने कहा था कि भाजपा ने तो हमेशा भगवा को प्राथमिकता दी लेकिन, यह कबसे तिरंगा यात्रा निकालने लगी। योगी ने कहा कि तिरंगा में जो सबसे ऊपर रंग है वह केसरिया ही है।
योगी ने कहा कि जब नेता प्रतिपक्ष बोल रहे थे तो मुझे चिंता थी कि कहीं यह पिछली बार की तरह बेहोश न हो जाएं। उन्होंने चुटकी ली कि बार-बार झूठ बोलने की वजह से यह स्थिति होती है। आचार्य रजनीश के हवाले से योगी बोले, 'आज के युग का सबसे बड़ा अंधविश्र्वास समाजवाद है। आज समाजवाद के नाम पर सर्वाधिक लोहिया की आत्मा आहत होगी। कहा, इनका समाजवाद अमीरों को गरीब, गरीबों को गुलाम और बुद्धिजीवियों को मूर्ख बनाता है।'
'ग' से गदहा नहीं, गणेश पढ़ाएंगे: योगी
योगी ने कहा कि, महापुरुषों के नाम पर होने वाली छुट्टी हमने जरूर खत्म की है लेकिन, स्कूलों में उनकी जानकारी देने के लिए समारोह आयोजित करने और पाठ्यपुस्तकों में उन पर पढ़ने को मिलेगा। अब झलकारी बाई, ऊदा देवी, संत रविदास, बाल्मिकी और सुहेलदेव जैसे महापुरुष और वीरांगना पढ़ाए जाएंगे। आप लोग 'ग' से गदहा पढ़ा रहे थे लेकिन, अब 'ग' से गणेश पढ़ाने की शुरुआत होगी।
'बसपा यानि बहुजन समाजवादी पार्टी'
योगी ने बसपा नेता लालजी वर्मा का जिक्र किया कि ये हमारे पास स्मारकों की सुरक्षा के संदर्भ में आए थे। हमने कहा, स्मारक कोई बनाए लेकिन, उसकी सुरक्षा हम जरूर करेंगे पर, अब तो सपा इनकी गोद में बैठ गई। बसपा अपने कंधे पर इन्हें ढोए, इसके लिए मुबारक, लेकिन इतना जरूर पूछ लीजिएगा कि आगे कोई गेस्ट हाऊस कांड तो नहीं होगा। उन्होंने कहा कि बसपा तो अब बहुजन समाजवादी पार्टी हो गई।
आतंकवादी जैसा आचरण कर रही सरकार
विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी ने योगी सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा, "यह सरकार आतंकवादी जैसा आचरण कर रही है। लोगों में दहशत पैदा कर रही है। आतंक पैदा कर लाखों छात्रों की परीक्षा छोड़वा दी। दलितों, पिछड़ों और मुसलमानों के अरमानों के साथ खिलवाड़ किया है। बेगुनाहों को फर्जी मुठभेड़ में मार रही है।"
चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सवाल उठाते हुए कहा कि "मुख्यमंत्री तो सबके होते हैं लेकिन, ये अधूरे मुख्यमंत्री हैं। इनके लिए जितनी महत्वपूर्ण होली, दीपावली है उतनी ही महत्वपूर्ण ईद होनी चाहिए।" चौधरी ने सरकार के काम काज पर सवाल उठाया। कहा, छल, और प्रपंच के बल पर ये लोग हमेशा असत्य बोल रहे हैं। उन्होंने हिमांचल में योगी के भाषण का जिक्र करते हुए कहा कि "वहां ये झूठ बोल आये कि छह लाख युवाओं को नौकरी दे दी है, जबकि अभी तक एक भी वैकेंसी नहीं निकली।" नेता प्रतिपक्ष ने महापुरुषों के नाम पर छुट्टियां निरस्त किये जाने का मामला उठाया और फिर कानून-व्यवस्था पर भी सरकार को आड़े हाथों लिया। चौधरी ने लखनऊ समेत प्रदेश भर की आपराधिक घटनाएं भी गिनाई।
टूट सुजन मनाइए, जो टूटे सौ बार
चौधरी ने कहा कि हमारा बसपा से समझौता हुआ। यह सिर्फ दो दलों का समझौता है लेकिन, दर्द 40-45 दलों से समझौता करने वालों को हो रहा है। योगी ने गत दिवस रहीम का दोहा "कह रहीम कैसे निभे केर-बेर को संग" सुनाकर सपा-बसपा समझौते पर टिप्पणी की थी। चौधरी ने भी रहीम का दोहा पढ़ा-"टूटे सूजन मनाइए जो टूटे सौ बार...।"
अगर मंत्री असत्य बोल रहे तो मंत्रिमंडल में कैसे 
नेता प्रतिपक्ष में वाराणसी की एक सभा में योगी सरकार के एक मंत्री द्वारा सरकार पर भ्रष्टाचार और फर्जी एनकाउंटर के आरोप की याद दिलाई। कहा कि अगर मंत्री इतना गंभीर आरोप लगा रहे हैं तो फिर हमें कुछ कहने की जरूरत ही नहीं है।