दिल्ली से राज्यसभा की तीन सीटों की उम्मीदवारी के लिए 16 जनवरी को चुनाव होना है। दिल्ली की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी (आप) को अपने तीन उम्मीदवार राज्यसभा में भेजने हैं, लेकिन उच्च सदन में पहुंचने की होड़ में पार्टी में फूट का खतरा मंडराने लगा है। पार्टी के मुखिया और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पिछले दिनों साफ किया था कि पद चाहने वालों के लिए आप में कोई जगह नहीं है। उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया है, लेकिन इनका इशारा पार्टी के वरिष्ठ नेता कुमार विश्वास की ओर था, जिन्होंने खुलेआम राज्यसभा के लिए अपनी दावेदारी पेश की और उनके समर्थक इस मुद्दे पर पार्टी दफ्तर में धरने पर भी बैठे। कांग्रेस के वोट बैंक के बल पर दिल्ली में राज कर रही आप में मचे झगड़े से कांग्रेस को अपने दिन लौटने की आस है। दिल्ली के कांग्रेस प्रमुख राष्ट्रीय स्तर की राजनीति से अलग दिल्ली में आप पर ज्यादा और भाजपा पर कम निशाना साध रहे हैं क्योंकि आप के कमजोर होने का फायदा कांग्रेस को मिलने वाला है। केजरीवाल इस हकीकत को जानते हैं इसलिए दिल्ली में सत्ता बरकरार रखने के लिए वे वोटों के समीकरण पर नजर लगाए हुए हैं। वहीं कुमार विश्वास को पार्टी में उनकी हैसियत दिखाने के लिए संजय सिंह को राज्यसभा में भेजने की बात भी चल रही है।

Post a Comment