प्रदेश में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों को देखते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग ने यह पहल की है। अभियान के दौरान बालिका, युवती और महिलाओं को पुलिस नैतिक व कानूनी सलाह देगी। विभाग की मंत्री अर्चना चिटनिस ने बताया कि अभियान महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए है। उन्होंने बताया कि बुधवार को प्रदेश के सभी थानों में महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दों पर बात होगी।
उन्हें पोक्सो अधिनियम, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम-2015, घरेलू हिंसा अधिनियम-2005 के प्रावधानों पर जानकारी दी जाएगी। इस दौरान पुलिस थानों में 'महिला सुरक्षा" पर बनी और बाल यौन शोषण पर केंद्रित फिल्म 'कोमल" का प्रदर्शन भी होगा। विषय विशेषज्ञ साइबर क्राइम और साइबर सुरक्षा की जानकारी देंगे।
अभियान के तहत तीन, 14 व 24 फरवरी को थाना क्षेत्र की सर्वाधिक जनसंख्या वाली ग्राम पंचायतों के मुख्यालयों पर जनसंवाद कार्यक्रम किए जाएंगे। जनसंवाद कार्यक्रम में शौर्या दल के सदस्य, पंचायत प्रतिनिधियों सहित स्थानीय पुरुष-महिलाएं शामिल होंगे। वहीं सभी जिलों में महिला सुरक्षा और जागरुकता ध्वज भी भेजा जाएगा।

Post a Comment