कोलारस उपचुनाव के चलते शिवपुरी में ध्वजारोहण नहीं कर पाएंगी यशोधराराज

flag 24 01 2018पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ शिवपुरी  25 Jan 2018-कोलारस विधानसभा उपचुनाव की आचार संहिता के चलते शिवराज सरकार की वरिष्ठ मंत्री यशोधराराजे सिंधिया शिवपुरी में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में ध्वजारोहण नहीं कर पाएंगी। चुनाव आयोग के निर्देशों के मद्देनजर सरकार ने शिवपुरी और अशोकनगर में मंत्री की जगह कलेक्टरों को यह जिम्मेदारी सौंपी हैं। वहीं, राज्यमंत्री हर्ष सिंह और शरद जैन भी स्वास्थ्य संबंधी वजहों से गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे।
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल लाल परेड मैदान पर होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में हिस्सा लेंगी। वहीं, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुना में आयोजित होने वाले समारोह में शामिल होंगे। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा होशंगाबाद और उपाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कुमार सिंह सतना में ध्वज फहराएंगे। बाकी जिलों में जिला पंचायत अध्यक्षों की जगह कलेक्टरों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सामान्य प्रशासन विभाग ने गणतंत्र दिवस पर होने वाले मुख्य कार्यक्रम के लिए मंत्री और कलेक्टरों को जिले आवंटित कर दिए हैं।
मंत्रियों में विजय शाह इंदौर, गोपाल भार्गव जबलपुर, माया सिंह ग्वालियर, जयंत मलैया दमोह, डॉ. गौरीशंकर शेजवार रायसेन, डॉ. नरोत्तम मिश्रा दतिया, ओमप्रकाश धुर्वे डिंडौरी, गौरीशंकर बिसेन बालाघाट, रुस्तम सिंह मुरैना, अर्चना चिटनिस बुरहानपुर, उमाशंकर गुप्ता छिंदवाड़ा, कुसुम महदेले पन्ना, पारस जैन उज्जैन, राजेंद्र शुक्ल रीवा, अंतर सिंह आर्य बड़वानी, रामपाल सिंह सीहोर, भूपेंद्र सिंह सागर, जयभान सिंह पवैया भिंड, दीपक जोशी देवास, लाल सिंह आर्य बैतूल, सुरेंद्र पटवा आगर मालवा, संजय पाठक कटनी, ललिता यादव छतरपुर, विश्वास सारंग राजगढ़ और सूर्यप्रकाश मीणा विदिशा में ध्वजारोहण करेंगे। बाकी जिलों में कलेक्टर ध्वाजारोहण करने के साथ मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे।
रतलाम जिला पंचायत के उपाध्यक्ष डीपी धाकड़ ने बताया कि जब त्रिस्तरीय पंचायतराज संगठन ने आंदोलन किया था, तब यह सहमति बनी थी कि 15 अगस्त और 26 जनवरी को होने वाले कार्यक्रमों में कलेक्टर की जगह जिला पंचायत अध्यक्ष ध्वजारोहण करेंगे। एक बार तो सरकार ने जिला पंचायत अध्यक्षों का ध्यान रखा पर फिर पुरानी व्यवस्था लागू कर दी है, जो ठीक नहीं है। निर्वाचित जनप्रतिनिधि होने के बावजूद ऐसा बर्ताव नहीं होना चाहिए।