फलस्तीन जाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे नरेंद्र मोदी

narendramodi 27 01 2018पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ दिल्ली 28jan 2018 - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नौ फरवरी को चार दिनों की विदेश यात्रा पर रवाना होने वाले हैं। इस यात्रा में वह फलस्तीन, यूएई, ओमान का दौरा करेंगे और इन देशों के नेतृत्व के साथ आपसी हितों के मुद्दे पर वार्ता करेंगे।
यह जानकारी शनिवार को विदेश मंत्रालय ने दी है। मंत्रालय ने कहा है कि मोदी फलस्तीन की यात्रा पर जाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री होंगे। वह यूएई की दूसरी और ओमान की पहली यात्रा करेंगे।
अपनी यात्रा के दौरान नेतृत्व से बातचीत करने के अलावा प्रधानमंत्री अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। फलस्तीन यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री वहां के राष्ट्रपति महमूद अब्बास के साथ बैठक करेंगे।
पिछले वर्ष मई में अब्बास की भारत यात्रा के दौरान मोदी ने उन्हें फलस्तीन को पुरजोर समर्थन देने का आश्वासन दिया था।
महत्वपूर्ण है कि इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की भारत यात्रा के कुछ दिनों बाद ही प्रधानमंत्री मोदी के फलस्तीन दौरे की घोषणा की गई है।