पटवारी की अब जिले के बाहर भी हो सकेगी तैनाती

umashankar gupta 23 01 2018पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़  भोपाल , 24 Jan 2018- चुनावी साल में सरकार पटवारियों की जिले के बाहर भी तैनाती करेगी। इसके लिए एक जिले से दूसरे जिले जाने वाले पटवारियों को 10 से 20 फरवरी के बीच ऑनलाइन आवेदन देना होगा। इसके साथ ही प्राथमिकता वाले तीन जिले बताने होंगे। अभी तक जिला कैडर होने की वजह से पटवारी चाहकर भी दूसरे जिले में नहीं जा पाते थे।
राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता ने मंगलवार को मंत्रालय में विभागीय समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पटवारियों को उनकी पसंद के जिले में पदस्थ किया जाए। जिला कैडर होने की वजह से अभी जिले के बाहर पटवारियों को पदस्थ नहीं किया जाता था।
उन्होंने यह भी कहा कि नए भर्ती होने वाले नौ हजार से ज्यादा पटवारियों की काउंसलिंग के बाद अप्रैल से प्रशिक्षण शुरू कराया जाए। इसके लिए सेवानिवृत्त राजस्व अधिकारियों की सूची पहले से तैयार कर ली जाए। 10 फरवरी तक पटवारियों को मोबाइल लेने के लिए राशि उपलब्ध करा दी जाए। इसके बाद कोई राशि इस काम के लिए नहीं दी जाएगी।
आयुक्त भू-अभिलेख एम. सेलवेन्द्रन ने बैठक में बताया कि नए पटवारियों का प्रशिक्षण नए पाठ्यक्रम से होगा। इसमें चार माह का सैद्धांतिक और दो माह का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें पूरा जोर कम्प्यूटर पर रहेगा। दरअसल विभाग सीमांकन, गिरदावरी सहित अन्य कामकाज में सूचना प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल पर जोर दे रहा है। इसके पीछे मंशा राजस्व मामलों का तेजी से निराकरण करना है।