मीडियाकर्मी नहीं कर पाएंगे कवरेज निर्वाचन आयोग के नाम पर जिला प्रशासन ने लगाई रोक*

*मीडियाकर्मी नहीं कर पाएंगे कवरेज, पत्रकारों में नाराजगी*

- *निर्वाचन आयोग के नाम पर जिला प्रशासन ने लगाई रोक*

- *चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता सवालों के घेरे में*

*शिवपुरी*। 

कोलारस में हो रहे उप चुनाव में मीडियाकर्मी उम्मीदवारों द्वारा नाम निर्देशन पत्र भरते समय रिटर्निंग आफिसर के कक्ष में कवरेज के लिए नहीं जा पाएंगे। निर्वाचन आयोग के निर्देश का बहाना बनाकर जिला प्रशासन ने यह रोक सभी मीडियाकर्मियों पर लगाई है। इन निर्देशों में कोलारस में जब प्रत्याशी अपना पर्चा दाखिल करेंगे तो उस दौरान कवरेज के लिए मीडिया कर्मियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। पर्चा दाखिल करते समय किसी भी तरह के कवरेज की अनुमति पत्रकारों के लिए नहीं होगी। जबकि पूर्व में जितने भी चुनाव हुए हैं चाहे लोकसभा का चुनाव हो या विधानसभा का उसमें अधिकतर प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों व फोटोग्राफरों को अनुमति रहती थी लेकिन इस बार प्रशासन ने अघोषित प्रतिबंध लगा दिया है। यह चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल खड़े करता है। इस अघोषित प्रतिबंध से मीडिया कर्मियों में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय जिला प्रशासन की ओर से बताया गया है कि निर्वाचन आयोग का फैसला है इसलिए एसडीएम कार्यालय में पत्रकारों को कवरेज की कोई अनुमति नहीं होगी।