पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ भोपाल 29 Jan 2018-अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव व प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया ने कहा है कि विधानसभा चुनाव 2018 के लिए प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सर्वे आदि का काम चल रहा है। मार्च-अप्रैल तक अधिकांश टिकट फाइनल कर प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए जाएंगे। बाबरिया ने रविवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा के दौरान यह बात कही।
उन्होंने युवती द्वारा ब्लैकमेलिंग मामले में फंसे विधायक हेमंत कटारे को लेकर कहा कि वरिष्ठ नेताओं को नैतिक आधार बनाकर काम करना चाहिए। उन्हें किसी को भी ऐसा मौका नहीं देना चाहिए जिससे वह उन पर उंगली उठा सके। भाजपा नेताओं का उदाहरण देते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा कि नेताओं पर आरोप हैं लेकिन जब तक कोई आरोप प्रमाणित नहीं हो जाता तब तक किसी के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता। राजनीतिक दलों का भी अपना सिस्टम होता है। उसमें आरोपों व घटनाओं के सभी पहलुओं पर ध्यान रखा जाता है। जब तक प्रमाणिक तथ्य नहीं मिल जाते तब पार्टी कोई निर्णय नहीं लेती।
बाबरिया ने एकबार फिर कहा कि युवाओं और नए चेहरों को मौके दिए जाने चाहिए लेकिन इस बार उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्याशी चयन के मापदंड तय करने के आधार केंद्रीय चुनाव कमेटी को होता है। युवा कांग्रेस और एनएसयूआई द्वारा टिकट मांगे जाने को उन्होंने सही बताया। नए चेहरों को ज्यादा मौका दिया जाना चाहिए क्योंकि वे जमीन से जुड़े हैं।
पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ रही हैं
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में डॉलर तथा क्रूड ऑयल की कीमत कम होने के बाद भी पेट्रोल-डीजल की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। इससे महंगाई बढ़ रही है। सरकार नौजवानों को रोजगार नहीं दे पा रही। सरकारी क्लर्कियल स्टॉफ की नौकरियों के लिए पीएचडी, एमबीए जैसी डिग्रियों के नौजवान आवेदन कर रहे हैं। कानून व्यवस्था की स्थिति भी बिगड़ रही है।
समन्वयकों की बैठक के बाद इंदौर रवाना
बाबरिया ने दोपहर बाद जिलों में नियुक्त किए समन्वयकों की बैठक ली। उन्हें क्षेत्रों में आंदोलन, धरना-प्रदर्शन के कार्यक्रमों सहित मंडलम-सेक्टर बनाने की जिम्मेदारी बताई गई। इसके पहले बाबरिया से युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुणाल चौधरी और एनएसयूआई के प्रवक्ता विवेक त्रिपाठी ने मुलाकात की।

Post a Comment