पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ दिल्ली , 23 जनवरी 2018,-ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुसलमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने बीजेपी और आरएसएस पर बड़ा आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि बीजेपी और आरएसएस दलित-मुस्लिम मुक्त भारत बनाना चाहता है. देश में हिंदुत्व विचाराधारा को थोपा जा रहा है. दलित और मुसलमान दोनों इस तरह के प्रयासों के खिलाफ एकजुट हों और कहें कि वो हिंदुत्व की विचारधारा को स्वीकार नहीं करेंगे. ओवैसी ने ये बात सोमवार को महाराष्ट्र के औरंगाबाद में एक जनसभा में कही.
'संघ परिवार कमजोरों को दबाना चाहता है'
ओवैसी ने कहा कि मौजूदा दौर में मुसलमानों और दलितों को जागरुक रहने की जरूरत है. क्योंकि बीजेपी और संघ परिवार समाज में गड़बड़ी और कमजोर वर्ग को दबाने का काम कर रहे हैं. बीजेपी इस देश को मुस्लिम मुक्त बनाना चाहती हैं तो वहीं आरएसएस इस देश को दलित मुक्त बनाना चाहता है.
उन्होंने कहा कि संघ परिवार की विचारधारा और इनके गुरू गोलवलकर, हेडगेवार से लेकर सावरकर की तक विचारधारा मुस्लिमों को हिंदू बनाने की है. ऐसे में अब जरूरत है कि दलित-मुस्लिम संघ के इस तरह के प्रयासों के खिलाफ एक जुट हों और कहें कि वो हिंदुत्व को स्वीकार नहीं करेंगे. ओवैसा ने कहा कि दलित मुस्लिम एकता संघ परिवार के उत्पीड़ने और भेदभाव को रोकने के लिए समय की आवश्यकता है.
औरगंबाद के आम खास मैदान में 40 हजार लोगों की मौजूदगी में ओवैसी ने तीन तलाक विरोधी बिल का विरोध किया. उन्होंने कहा कि ये बिल मुस्लिम महिलाओं के खिलाफ है. इतना ही नहीं ये समानता के अधिकार के भी खिलाफ है, ऐसे दोषपूर्ण कानून की कोई जरूरत नहीं है.

Post a Comment