कोलारस में वसुंधरा-यशोधरा और तोमर के समर्थक कतार में

elections demo 23 01 2018पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ भोपाल  24 Jan 2018 - डेढ़ महीने पहले से कोलारस में चुनावी तैयारियों में जुटी भारतीय जनता पार्टी को प्रत्याशी चयन में पसीना छूट रहा है। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और कैबिनेट मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के समर्थक टिकट के दावेदारों में शामिल हैं।
उपचुनाव की घोषणा होने के बाद कोलारस और मुंगावली दोनों ही क्षेत्रों में खामोशी छाई है। कांग्रेस भी इंतजार में है कि भाजपा किसे प्रत्याशी बनाती है, उस हिसाब से आगे की रणनीति तैयार की जाए।
वहीं कोलारस में तोमर समर्थक वीरेंद्र रघुवंशी, वसुंधरा समर्थक देवेंद्र जैन और यशोधरा समर्थक रामस्वरूप रिझारी टिकट की दौड़ में हैं। पार्टी के जिलाध्यक्ष सुशील रघुवंशी के नाम पर भी पार्टी में विचार चल रहा है। वीरेंद्र रघुवंशी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए हैं। रघुवंशी वोट बैंक के चलते वीरेंद्र रघुवंशी भाजपा की पसंद बन सकते हैं। हालांकि पार्टी अंतिम नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है।
भाजपा ने दोनों सीटों पर उम्मीदवारों के नामों को लेकर एक सर्वे भी कराया था। दावेदारों ने अपने स्तर पर प्रचार भी शुरू कर दिया है। आचार संहिता लगने से पहले वीरेंद्र रघुवंशी ने कैलेंडर बांटकर लोगों के बीच जनसंपर्क किया। वहीं देवेंद्र जैन भी प्रचार में जुटे हुए हैं। भाजपा की चुनाव समिति की बैठक में ही प्रत्याशियों का नाम तय होगा। हालांकि समिति की बैठक की तारीख अभी तय नहीं हो पाई है।
मुंगावली से 2013 में भाजपा के प्रत्याशी रहे देशराज सिंह यादव का निधन हो चुका है। भाजपा यहां से यादव के परिवार के किसी सदस्य को टिकट दे सकती है। भाजपा देशराज सिंह यादव के बेटे अजय यादव या उनकी मां को चुनाव मैदान में उतार सकती है। हालांकि पार्टी में इसके अलावा भी कुछ नामों पर विचार चल रहा है।