पीएम मोदी के सुर में बोले नीति आयोग के उपाध्यक्ष, एक साथ चुनाव होने से पैसा बचेगा

पीएम मोदी के सुर में बोले नीति आयोग के उपाध्यक्ष, एक साथ चुनाव होने से पैसा बचेगापूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ दिल्ली 21 जनवरी, 2018 -एक साथ लोकसभा और विधानसभा चुनाव को कराये जाने की देश में काफी दिनों से बहस चल रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पूरे देश में एक साथ चुनाव कराने पर जोर दिए जाने के एक दिन बाद नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजीव कुमार ने भी शनिवार को एक गोष्ठी में इस विचार का समर्थन किया. 



रामभाउ महाल्गी प्रबोधिनी द्वारा आयोजित गोष्ठी में मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित करते हुए कुमार ने कहा कि एक समय पर चुनाव कराने से बहुत सारा धन बचाया जा सकता है जिसे विकास के लिए इस्तेमाल किया जा सकेगा. प्रबोधिनी एक थिंक टैंक और राजनीति प्रशिक्षण संस्थान है जिसने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर इस दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन किया था. 

प्रबोधिनी द्वारा जारी एक विज्ञप्ति में कुमार के हवाले से कहा गया कि चुनाव कराने के लिए बहुत पैसा खर्च किया जाता है और अगर ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ नीति को स्वीकार किया जाता है तो देश बहुत सारा पैसा बचा सकता है और उसे विकास और अवसंरचना परियोजनाओं पर खर्च किया जा सकता है. 


विज्ञप्ति में कहा गया कि उन्होंने उम्मीद जताई है कि एक समय पर चुनाव बहुत जल्द हकीकत का रूप ले लेंगे.