पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ शिवपुरी 12feb 2018 -कोलारस उप चुनाव के चलते जिले में आचार संहिता लागू हैं, लेकिन बदरवास जनपद पंचायत के सीईओ ने आचार संहिता उल्लंघन के करते बदरवास जनपद पंचायत की 40 ग्राम पंचायतों को मनरेगा के तहत 1 करोड़ 20 लाख का भुगतान कर दिया है। यह मामला सामने आने के बाद इस मामले की शिकायत मुकेश यादव आरटीआई कार्यकर्ता ने की, जिसके बाद खलबली मच गई है। मुकेश यादव ने इसकी शिकायत कलेक्टर से की है। मुकेश यादव ने बताया कि बदरवास जनपद कार्यालय में पदस्थ सीईओ महेन्द्र जैन द्वारा मनरेगा के तहत मटेरियल का भुगतान महज 40 लाख रुपए करना था, लेकिन सीईओ ने यह भुगतान 1 करोड़ 20 लाख रुपए कर दिया। इसके चलते खनियांधाना सीईओ को निलंबित किया गया था।
इस तरह से किया भुगतान
राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी परिषद के पत्र क्रमांक 345 दिनाक 19/01/2018 मे सभी जनपद पंचायतों को पात्रता के अनुसार मटेरियल की राशि भुगतान का उल्लेख था, जिसमे जनपद बदरवास को 40 लाख रुपए भुगतान की ही पात्रता था लेकिन बदरवास सीईओ महेन्द्र जैन ने अपने पद का दुरुपयोग कर 1 करोड़ 20 लाख की राशि का 40 ग्राम पंचायतों के खातों में दिनांक 20/01/2018 को जानबूझकर वित्तीय अनियमितता के रूप मे इस प्रकार का भुगतान कर सीधा सीधा आचार सहिंता का खुला उलंघन किया है।
चुनाव को प्रभावित करने की हो चुकी है शिकायत
आरटीआई कार्यकर्ता मुकेश यादव ने बताया कि सीईओ महेन्द्र जैन पर चुनाव को प्रभावित करने के आरोप लगे थे, इसके बाद 19 जनवरी को इनकी शिकायत की गई थी। चुनाव आयोग को की गई शिकायत में उल्लेख किया गया है कि यह चुनाव को प्रभावित कर सकते हैं। इसलिए इनका स्थानांतरण किया जाए।
स्थानांतरण के बाद भी नहीं हुए रिलीव
आरटीआई कार्यकर्ता मुकेश यादव का कहना है कि चुनाव आयोग में की गई शिकायत के बाद इनका स्थानान्तरण कर दिया गया था, लेकिन यह अब तक बदरवास से रिलीव नहीं हुए हैं और न ही जिला प्रशासन द्वारा इन्हें रिलीव किया गया है, जबकि पात्रता से अधिक भुगतान करने के चलते खनियांधाना सीईओ को निलंबित कर दिया है जबकि महेन्द्र जैन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
यह बोले शिकायतकर्ता
बदरवास जनपद सीईओ महेन्द्र जैन आचार संहिता का खुला उल्लंघन कर रहे हैं और उन्हें यहां से स्थानान्तरण होने के बावजूद नहीं हटाया गया है। शिकायत कलेक्टर को की है। इनके द्वारा वित्तीय अनियमितता भी की गई है।
मुकेश यादव, शिकायतकर्ता बदरवास
-
यह बोले कलेक्टर
बदरवास जनपद सीईओ की शिकायत संबंधी दस्तावेज चुनाव आयोग को भेज दिए गए हैं। वहां से निर्देश प्राप्त होते ही कार्रवाई की जाएगी।
तरुण राठी, कलेक्टर शिवपुरी।

Post a Comment