केंद्र के दरबार में पहुंचा मुख्य सचिव से मारपीट का मामला

पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ दिल्ली -दिल्ली सरकार के मुख्य सचिव अंशु प्रकाश के साथ बीते सोमवार मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर कथित मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। शुक्रवार को दिल्ली की आइएएस एसोसिएशन ने प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री और डीओपीटी मंत्री जितेंद्र सिंह से मुलाकात कर सहयोग मांगा और अधिकारियों की प्रतिष्ठा पर खतरे के प्रति शिकायत की।              delhi pno meeting 23 02 2018
ज्ञापन में दिल्ली के मुख्य सचिव से सोमवार रात हुई मारपीट की शिकायत की गई है। आप सरकार की ओर से दबाव डालकर काम कराने का आरोप लगाया है। एसोसिएशन के लोगों ने आप सरकार पर महिला अफसरों से दुर्व्यवहार करने का भी आरोप लगाते हुए केंद्र से हस्तक्षेप की मांग की है। जितेंद्र सिंह ने अधिकारियों को भरोसा दिलाते हुए कहा है कि डीओपीटी के अधिकारी इस मामले को देख रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह सरकार का दायित्व है कि अधिकारियों को काम करने का उचित माहौल मिले। जितेंद्र सिंह के मुताबिक तमाम अधिकारियों ने खुले मन से अपनी बात रखी है, केंद्र सरकार की ओर से इस मुद्दे पर पहली बार बयान आया है।
उल्लेखनीय है कि अरविंद केजरीवाल के घर पर कथित रूप से दिल्ली के मुख्य सचिव अंशु प्रकाश के साथ आम आदमी पार्टी के विधायकों ने मारपीट की थी। अंशु प्रकाश की शिकायत के बाद की गई मेडिकल जांच में उनके साथ मारपीट की पुष्टि भी हुई है।
अंशु प्रकाश ने आम आदमी पार्टी विधायकों पर सरकारी विज्ञापन रिलीज करने का दबाव बनाते हुए उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया था। इस घटना के बाद मुख्य सचिव ने मंगलवार को दिल्ली पुलिस में शिकायत दी थी, जिसके बाद ओखला विधायक अमानतुल्ला समेत अन्य के खिलाफ इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर विधायकों को गिरफ्तार कर लिया था।
मुख्य सचिव की मानें तो बैठक में कई विधायक मौजूद थे। इनमें से दोनों आरोपी विधायकों ने मुख्य सचिव के साथ मारपीट की। इस घटना के सिलसिले में जिन धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है, उसमें पुलिस मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री से भी पूछताछ कर सकती है।