पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ -मध्यप्रदेश के मुंगावली और कोलारस विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो चुका है। लोग घरों से निकलकर वोट डालने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। हर मतदान केंद्र पर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं।
प्रदेश की मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सलीना सिंह ने कोलारस और मुंगावली क्षेत्र के मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि 24 फरवरी को निर्वाचन क्षेत्र में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। कोलारस निर्वाचन क्षेत्र में दो लाख 44 हजार 457 मतदाता जबकि मुंगावली में एक लाख 91 हजार 9 मतदाता हैं।
इसी बीच खबर आ रही है कि बूथ नंबर 57 पर ईवीएम मशीन काम नहीं कर रही है। लोग ईवीएम मशीन के ठीक होने का इंतजार कर रहे हैं।
इस उपचुनाव को दोनों राजनीतिक दलों के बीच सेमीफाइनल के तौर पर भी देखा जा रहा है क्योंकि इस साल के अंत में प्रदेश में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित है। मुंगावली में कांग्रेस विधायक महेन्द्र सिंह कालूखेड़ा के निधन होने से और कोलारस में कांग्रेस के विधायक रामसिंह यादव के निधन होने से चुनाव कराने पड़ रहे है।
मुंगावली उपचुनाव में कुल 13 उम्मीदवार मैदान में हैं जबकि मुख्य मुकाबला कांग्रेस के उम्मीदवार बृजेन्द्र सिंह यादव और भाजपा उम्मीदवार श्रीमती बाई साहब यादव के बीच है।
कोलारस में कुल 22 उम्मीदवार इस चुनावी समर में है और मुख्य मुकाबला कांग्रेस के महेन्द्र सिंह यादव और भाजपा के देवेन्द्र जैन के बीच है। एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दोनों निर्वाचन क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान के लिये कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

Post a Comment