बैलगाड़ी पर पहुंचे कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, मुंगावली में चुनाव प्रचार

पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ अशोकनगर -मध्य प्रदेश में 24 फरवरी को मुंगावली और कोलारस विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच जबर्दस्त रस्साकशी चल रही है। इन दोनों विधानसभा सीटों के बीच की दूरी करीब डेढ़ सौ किलोमीटर है, लेकिन बीजेपी और कांग्रेस के नेताओं की परेशानी का ये हाल है कि एक दिन ये मुंगावली में दिखते हैं तो अगले दिन कोलारस में। कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के लिए ये उपचुनाव गढ़ बचाने की चुनौती है तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उनके गढ़ में सेंध लगाकर मुख्यमंत्री पद की सिंधिया की दावेदारी को कमज़ोर करने में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। मुंगावली यादव बहुल क्षेत्र है और कांग्रेस ने यहां से ब्रजेन्द्र सिंह यादव को अपना उम्मीदवार बनाया है। ब्रजेन्द्र यादव को कांग्रेस प्रत्याशी बनाए जाने से नाराज होकर ज्योतिरादित्य सिंधिया के सांसद प्रतिनिधि के पी यादव इतने नाराज हो गए कि वो अब बीजेपी के उम्मीदवार बाई साहब यादव के लिए प्रचार कर रहे हैं। दो यादव उम्मीदवारों के बीच हो रहे चुनाव में बीजेपी को इस जाति का वोट बंटने की उम्मीद है, इसलिए वो बाकी जातियों के वोटों का गणित अपने पक्ष में करने में जुटी है। हाल ही में खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसी सिलसिले में ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थक माने जाने वाले नेता के घर रात्रिभोज का आयोजन किया था, जिसमें कई कांग्रेस नेताओं के भाजपा में शामिल होने की भी चर्चा उठी थी, हालांकि ऐसा कुछ नहीं हुआ। इन्हीं चर्चाओं के बीच ज्योतिरादित्य सिंधिया बैलगाड़ी पर सवार होकर मुंगावली के बरखेड़ा डांग बस्ती जा पहुंचे।
ज्योतिरादित्य कांग्रेस की ओर से अकेले चुनाव प्रचार की कमान थामे हुए हैं तो दूसरी ओर, बीजेपी की ओर से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष नंद कुमार चौहान के साथ-साथ शिवराज सरकार में मंत्री और ज्योतिरादित्य की बुआ यशोधरा राजे सिंधिया को पार्टी ने हेलीकॉप्टर भी उपलब्ध करा रखा है। कोलारस में यशोधरा राजे पूरी ताकत झोंक रही हैं। अगले हफ्ते इन दोनों क्षेत्रों की जनता को ये तय करना है कि इस दिलचस्प जंग में वो किसके साथ है क्योंकि इसी साल मध्य प्रदेश विधानसभा के चुनाव भी होने हैं, ऐसे में कोलारस और मुंगावली उपचुनाव के नतीजों की गूंज उस चुनाव में भी सुनाई देगी।