शिवराज औैर सिंधिया की सभा हुई आमने-सामने

पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ शिवपुरी-

कोलारस उपचुनाव के लिए मंगलवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कई सभाओं को संबोधित किया। इस दौरान लुकवासा में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपचुनाव पांच महीने के लिए है। जनता से उन्होंने कहा  कि हम काम करें तो ठीक। इसके बाद हमें जितवा देना नहीं तो आउट कर देना। उन्होंने कहा कि हमारी मंशा इस क्षेत्र का विकास करना है और पांच महीने में हम यह करके बता देंगे। उन्होंने कहा कि हम ऐसे हैं कि एक बार उंगली पकड़ ले तो काम कर दिल में बस जाते हैं। सीएम ने कहा कि उनको (सांसद) यही तकलीफ है कि इन पांच महीनों में मामा जनता के दिल में बस गया तो उनका क्या होगा। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस को यह बता दे कि हम विकास और भला करने वालों को चुनते हैं।  सीएम ने कहा कि इस चुनाव से जनता से यह सिद्ध कर दें कि जो जनता की भलाई करेगा व विकास करेगा उसको वोट देंगे। सीएम ने मंगलवार को कोलारस विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में आमसभाएं की।

*लुकवासा में सबसे पहले आऊंगा*

सीएम ने सभा में कहा कि कुछ दिन पहले वह एक सम्मेलन में लुकवासा आए थे लेकिन उसी दिन उपचुनाव की आचार संहिता लग गई जिससे लुकवासा को लेकर उनके दिल की बात दिल में ही रह गई। लेकिन चुनाव होने के बाद सबसे पहले वह लुकवासा में ही आएंगे। उन्होंने कहा कि विकास की दौड़ में जो पीछे रह गए हैं उनका विकास भाजपा की प्रदेश सरकार की मंशा है और उसी उद्देश्य से हमारी सरकार काम कर रही है। सभा में सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री लाल सिंह आर्य, मुरैना महापौर अशोक अर्गल सहित कई भाजपा नेता मौजूद थे। 

*शिवराज औैर सिंधिया की सभा हुई आमने-सामने*

लुकवासा में मंगलवार को शिवराज की सभा के कुछ ही देर बाद कांगे्रस प्रत्याशी के पक्ष में सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की भी सभा हुई। लुकवासा में एक ही दिन भाजपा और कांग्रेस की सभाएं होने से यहां का राजनीतिक माहौल गर्म रहा। यहां पर सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि कोलारस में हो रहे उपचुनाव में के चलते सीएम और उनके मंत्रीमंडल के सदस्यों ने डेरा डालकर यहां इसे राजधानी बना दिया है। उन्होंने जनता से कहा कि इन बाहरी नेताओं को आने दो लेकिन जब 24 फरवरी को वोट पड़ें तो इसका जवाब देते हुए इनकी विदाई भी अपने वोट से करो। सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के अलावा मंगलवार को नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह और सांसद कांतिलाल भूरिया ने भी कांग्रेस के लिए वोट मांगे।