24 घंट में बकाया जमा नहीं हुआ, काट दिए BSNL ऑफिसों के बिजली कनेक्शन

power connection 28 02 2018पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ श्योपुर -बढ़ते बकाए को जमा करने के लिए बिजली कंपनी ने अब सख्त रवैया अपना लिया है। इस रवैए के चलते बिजली कंपनी ने दूरसंचार विभाग (बीएसएनएल) को 24 घंटे में बकाया जमा करने का अल्टीमेटम दे दिया।
जब तय समय में बकाया पैसा जमा नहीं हुआ तो बिजली कंपनी ने बुधवार को दोपहर 11 बजे बीएसएनएल के तीनों ऑफिसों के कनेक्शन काट दिए। बिजली गुल होते ही बीएसएनएल की व्यवस्था प्रभावित हो गई और उसे बैटरी बैकअप का सहारा लेना पड़ा।
इधर बीएसएनएल प्रबंधन का कहना है कि बकाया जमा नहीं होने का कारण बिजली बिलों की गड़बडी एक बड़ा कारण है। जो कुछ पैसा जमा किया गया उसे बिजली कंपनी ने बिलों में फीड नहीं किया और आने वाले बिलों में वह राशि जोड़कर भेज दी गई। जिसकी अब पेनाल्टी भी वसूली जा रही है। इस बात को बिजली कंपनी के पदाधिकारी सुनने को तैयार नहीं हैं।
बीएसएनएल विभाग पर बिजली का 21 लाख 89 हजार रुपए बकाया चल रहा है। जो एसडीओ टेलीफोन कन्याणपुरम कार्यालय, एई बीएसएनएल और एसडीओ टेलीफोन जयस्तंभ कार्यालय पर है। यहां बिजली के अलग अलग कनेक्शन हैं। बढ़ते बकाए को लेकर बिजली कंपनी ने मंगलवार को बीएसएनएल प्रबंधन को 24 घंटे में उक्त बकाया जमा करने का नोटिस भेज दिया।
जब नोटिस भेजे जाने के बाद बकाया जमा नहीं हुआ तो दूसरे दिन ठीक 11 बजे तीनों कार्यालयों के कनेक्टशन काट दिए। इस कार्रवाई को लेकर बीएसएनएल प्रबंधन का कहना है कि बिजली कंपनी से 5 से 7 दिन का समय मांगा गया था, लेकिन कंपनी के पदाधिकारी सुनने को तैयार नहीं है।
11 बिलों का पैसा जमा फिर भी जोड़कर भेज दिया
बीएसएनएल अधिकारियों का कहना है कि बिजली के कुछ बिलों को जो पैसा जमा किया था उसमें 11 बिल ऐसे हैं जिनका पैसा जमा होने के बाद भी नहीं काटा गया। जो बिल अगले माह आया उसमें जोड़कर भेज दिया। 11 बिलों का करीब 7 लाख रुपए ऐसा है जो जमा हो चुका है,लेकिन बिजली कंपनी ने उन बिलों का पैसा फीड नहीं किया।
उल्टे उक्त राशि की हर माह पेनाल्टी और लगा रहे हैं। 24 घंटे का समय जब दिया गया तब बिजली पदाधिकारियों से 5 से 7 दिन का समय भी मांगा गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई और कनेक्शन काट दिए।
सरकारी विभागों पर लाखों का बकाया, भेजे जाएंगे नोटिस
मार्च महीने तक बकाए की वसूली का लक्ष्य बनाकर बैठी बिजली ठेका कंपनी सरकारी विभाग जो बड़े बकाएदार हैं उनको नोटिस देने की तैयारी में है। बिजली ठेका कंपनी के अनुसार पुलिस कोतवाली पर करीब 12 लाख रुपए, वनविभाग पर 4 लाख, जिला अस्पताल सिविल सर्जन पर 3 लाख 50 हजार, पशु चिकित्सालय पर 34 हजार खेल स्टेडियम का ढाई लाख सहित अन्य विभागों पर बकाए बढ़ रहा है। जिसे वसूलने के लिए ठेका कंपनी ने मार्च महीने तक का लक्ष्य बना लिया है। जिन विभागों पर बकाया है उनको पहले नोटिस दिए जाएंगे इसके बाद कनेक्शन काटने की कार्रवाई होगी। अगर शहरी क्षेत्र में बकाए की बात करें तो करीब 33 करोड़ रुपए बकाया है जिसे वसूलने के लिए बिजली कंपनी सख्त कदम उठाएगी।
इनका कहना है
बीएनएनएल विभाग पर लगातार बकाया बढ़ रहा है उसे पहले भी नोटिस दिया गया फिर भी पैसा जमा नहीं हुआ। अब 24 घंटे में बकाया जमा करने का नोटिस दिया गया फिर भी बकाया जमा नहीं हुआ तो कनेक्शन काट दिए। 
कमलकांत सिंह, डीई, मप्रमक्षेविविकं श्योपुर
बिजली कंपनी जो बिल बता रही है उसमें कुछ पैसा जमा हो चुका है, लेकिन उसे बिलों मंे फीड नहीं कराया गया। राशि कम करने की अपेक्षा दूसरे बिलों में जोड़कर भेज दी। जिसकी हमें पेनॉल्टी लग रही है। फिर भी हमने 5 से 7 दिन का समय मांगा फिर भी नहीं माने। 
आरसी शर्मा, एसडीओ, दूरसंचार
हमें तो कंपनी को बकाए की वसूली करके देना है। कई सरकारी विभागों पर लाखों रुपए बकाया है जिसे जमा नहीं कराया जा रहा है। अगर बकाया जमा नहीं होगा तो कंपनी से संबंधित विभागों को नोटिस दिलाएंगे। 
कोमल सिंह चौधरी, प्रबंधक, जय मां तारीण ठेका कंपनी