पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ दिल्ली - देश के सबसे बड़े बैंकिंग घोटाले से बैंकों के प्रति डगमगाए आम लोगों के विश्वास के संदर्भ में प्रधानमंत्री ने पहली बार चुप्पी तोड़ी है. पंजाब नेशनल बैंक में 11,400 करोड़ रुपये के घोटाला मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपनी चुप्पी तोड़ते हुए इशारों-इशारे में कहा कि उनकी सरकार वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी और जनता के धन की लूट बर्दाश्त नहीं की जाएगी.मोदी ने वित्तीय संस्थानों के प्रबंधन व निगरानी निकायों से कहा है कि वे अपना काम पूरी कर्मठता से करें ताकि इस तरह के घपलों को रोका जा सके. गौरतलब है कि देश का दूसरा सबसे बड़ा सार्वजनिक बैंक पीएनबी इन दिनों 11,400 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी मामले के कारण चर्चा में है. अरबपति हीरा कारोबारी नीरव मोदी इस मामले में मुख्य आरोपी है. अनेक जांच एजेंसियां इस मामले की जांच में लगी हैं.
प्रधानमंत्री ने हालांकि अपने संबोधन में नीरव मोदी या पंजाब नेशनल बैंक का नाम नहीं लिया. उन्होंने कहा कि वित्तीय संस्थानों के प्रबंधन, आडिटरों व नियामकों को अपना काम पूरे समर्पण से करना चाहिए. उन्होंने कहा, ‘जिन लोगों को नियम व नीतियां बनाने तथा उच्च आचार कायम रखने का काम मिला है मैं उन लोगों से अपील करना चाहूंगा वे अपना काम पूरे समर्पण व कर्मठता से करें.’

Post a Comment